WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

Jansunwai : किसी को शिक्षा के लिए वाहन, किसी को ट्राईसिकल तो किसी को इलाज की मदद!

कलेक्टर ने जनसुनवाई में समस्याओं का किया सहानुभूतिपूर्वक निराकरण

WhatsApp Image 2023 05 03 At 6.26.36 PM 696x464

Jansunwai : किसी को शिक्षा के लिए वाहन, किसी को ट्राईसिकल तो किसी को इलाज की मदद!

Indore : जनसुनवाई जरूरतमंदों की मदद का लगातार माध्यम बन रही है। मदद के अनेक उदाहरण देखने को मिल रहे हैं। किसी जरूरतमंद को शिक्षा के लिए वाहन, किसी को बैटरी चलित ट्राईसाईकिल तो किसी को इलाज के लिए सहायता मिली। कलेक्टर ने आवेदकों की समस्या का सहानुभूतिपूर्वक निराकरण किया।

प्रति मंगलवार की तरह इस बार भी कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई संपन्न हुई। इसमें कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी सहित अपर कलेक्टर अभय बेड़ेकर, अजयदेव शर्मा तथा सपना लोवंशी सहित अन्य अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को सुनकर उनका संवेदनशीलता के साथ सकारात्मक निराकरण किया।

 कलेक्टर के समक्ष सिंहासा जवाहर टेकरी धार रोड़ निवासी पूनम ठाकुर पहुंची। उसने बताया कि मैं एक दिव्यांग युवती हूं। मैंने जीजाबाई कन्या स्नातकोत्तर विद्यालय से बीकाम किया है। मैं अभी सेज विश्वविद्यालय से एमबीए कर रही हूं। अपने घर से कॉलेज तक आने-जाने में मुझे बेहद परेशानी होती है। हमारा परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। आने-जाने के लिए कोई साधन भी नहीं है। कलेक्टर ने समस्या को गंभीरता से सुना और निराकृत करते हुए निर्देश दिए कि इस विद्यार्थी को शीघ्र ही मोटोराइज्ड दो पहिया वाहन उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए उन्होंने सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि इसे शीघ्र ही वाहन उपलब्ध कराए।

इसी तरह पंचम की फैल मालवा मिल निवासी कमलेश जीनवाल भी अपनी समस्या को लेकर कलेक्टर के समक्ष पहुंचे। उसने बताया कि मैं दिव्यांग हूं। मैं सांवेर रोड़ स्थित कंपनी में काम करता हूं, वहां तक जाने और घर आने तक बहुत दिक्कतें आती हैं। मुझे बैटरी चलित ट्राईसाईकिल दी जाए। कलेक्टर ने तुरंत ही ट्राईसाइकिल स्वीकृत करने के निर्देश दिए। इसी तरह ट्राईसाइकिल नेहरू नगर निवासी आत्माराम साद को भी स्वीकृत की गई।

जनसुनवाई में एक परिवार अपने बालक को लेकर पहुंचा और उसने बताया कि हमारे बच्चे का अपेंडिक्स का इलाज चल रहा है। उसका ऑपरेशन भी होना है। कलेक्टर ने रेडक्रास से तुरंत ही 40 हजार रूपए की मदद स्वीकृत की। इसी प्रकार कुशवाह नगर निवासी निराश्रित महिला को भी बालिका के अध्ययन के लिए 10 हजार रूपए की तात्कालिक सहायता दी गयी। इसी तरह जनसुनवाई में अन्य आवेदकों की तात्कालिक जरूरतों की पूर्ति के लिए मदद दी गई। जनसुनवाई में अधिकांश प्रकरण प्लॉट, संपत्ति विवाद, घरेलू विवाद आदि के आए। जिनका यथोचित निराकरण किया गया।