Khargone: Collector और SP की अगुवाई में निकली मास्क जागरूकता रैली, मास्क नहीं लगाने वाले पर होगी दंडात्मक कार्यवाही

महाराष्ट्र की सीमावर्ती जिले में कोरोना मरीजो की संख्या बढने पर प्रशासन ने उठाया कदम

799

खरगोन से आशुतोष पुरोहित की रिपोर्ट

मास्क की जागरूकता को लेकर शहर में कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी और एसपी सिद्धार्थ चौधरी की अगुवाई में कोतवाली परिसर से निकली मास्क जागरूकता रैली, बिना मास्क के नागरिकों को मास्क वितरित कर मास्क पहनने का किया आव्हान, महाराष्ट्र की सीमावर्ती जिले और जिले में वापस कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढने पर प्रशासन ने उठाया कदम, कलेक्टर और एसपी ने दी चेतावनी- मास्क नहीं लगाने वाले पर होगी दंडात्मक कार्यवाही

खरगोन: खरगोन में आज तीसरी लहर की आशंका और कोविड के नये स्वरूप ओमीक्रोन के चलते शहर में मास्क की जागरूकता को लेकर रैली निकाली गई। कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी और एसपी सिद्धार्थ चौधरी भी कोतवाली परिसर से निकली रैली में शामिल हुए। शहर के प्रमुख मार्गो पर निकली रैली के दौरान लोगों से मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंस और कोविड गाइड लाइन का पालन करने की अपील की गई। शहर में इस दौरान नगरपालिका द्वारा बिना मास्क पहने घूम रहे लोगों को मास्क का वितरण किया गया।

खरगोन जिले में वापस कोविड के 6 मरीज मिलने और महाराष्ट्र की सीमावर्ती जिला होने से प्रशासन ने कोविड की रोकथाम को लेकर सख्ती से कदम उठाना शुरू कर दिये हैं।

कलेक्टर अनुग्रहा पी ने मीडिया को बताया कि लोगों में मास्क पहनने को लेकर जागरूकता की कमी आई है। तीसरी लहर की आशंका है। कोविड की रोकथाम के लिये मास्क जरूरी है। आज नगरपालिका के माध्यम से करीब 10 हजार मास्क का वितरण हो रहा है। आज के बाद मास्क नहीं पहनने वालों पर चालानी कार्यवाही होगी।

 

इधर एसपी सिद्धार्थ चौधरी ने मीडिया को बताया कि कोविड नये वेरियन्ट ओमीक्रोन से पूरे विश्व में दहशत है। मध्यप्रदेश में भी ओमीक्रोन ने प्रवेश कर लिया है। रैली के माध्यम से हम लोगों में जागरूकता लाना चाहते हैं। पहली और दूसरी लहर में हमारी मास्क और सोशल डिस्टेंस की वजह से विजय हुई थी। रैली के माध्यम से आज समझाइश दे रहे हैं। मास्क का उपयोग नहीं करने वालों के खिलाफ अब दंडात्मक कार्यवाही की जायेगी।