WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

निर्माणाधीन मकान में करंट लगने से मजदूर की मौत, CCTV में कैद हुआ दर्दनाक हादसा

निर्माणाधीन मकान में करंट लगने से मजदूर की मौत, CCTV में कैद हुआ दर्दनाक हादसा

छतरपुर: शहर में एक निर्माणाधीन मकान में लेंटर तोड़ने के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मजदूर काम करते समय अचानक करंट की चपेट में आता दिखाई दे रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान देवेंद्र के रूप में हुई है। वह अपने साथी विशाल प्रजापति के साथ निर्माणाधीन मकान का लेंटर तोड़ने का काम कर रहा था। इसी दौरान उसने पास लगी एक डोरी पकड़ ली, जो बिजली के संपर्क में थी। डोरी छूते ही उसे तेज करंट लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गया।

IMG 20260704 WA0151

मौके पर मौजूद साथी मजदूरों ने फावड़े की मदद से उसे करंट से अलग किया और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के साथी विशाल प्रजापति ने बताया कि देवेंद्र अपनी बीमार बेटी के इलाज के लिए पैसों की जरूरत होने के कारण मजदूरी करने आया था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी और वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं तथा किसी प्रकार की लापरवाही हादसे का कारण बनी।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें करंट लगने के बाद साथी मजदूर देवेंद्र को बचाने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।