इस कार्यकाल की आखिरी कैबिनेट आज, CS बैंस को दी जाएगी औपचारिक विदाई, नई CS वीरा का होगा वेलकम

1541

इस कार्यकाल की आखिरी कैबिनेट आज, CS बैंस को दी जाएगी औपचारिक विदाई, नई CS वीरा का होगा वेलकम

भोपाल: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज तीस नवंबर को पूर्वान्ह 11.15 बजे कैबिनेट बैठक बुलाई है। सरकार के इस कार्यकाल की यह आखिरी कैबिनेट होगी। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंत्रिमंडल के सभी सहयोगियों और राज्य शासन के सभी वरिष्ठ अधिकारियों के द्वारा उनके इस कार्यकाल में दिए गए सहयोग के लिए आभार जताएंगे।

आज की इस कैबिनेट बैठक में सेवानिवृत्त हो रहे मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को औपचारिक विदाई दी जाएगी वहीं नई मुख्य सचिव वीरा राणा का वेलकम भी किया जाएगा।

विधानसभा चुनाव के लिए हुए मतदान और मतगणना के बीच तीस नवंबर को सुबह सवा ग्यारह बजे बुलाई गई कैबिनेट बैठक में मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों के साथ ही सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिवों और सचिवों को मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से आमंत्रित किया गया है। जो मंत्री फिजिकल रुप से कैबिनेट में नहीं आ पाएंगे उन्हें वर्चुअल रुप से वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए शामिल किया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पसंदीदा आईएएस अफसर इकबाल सिंह बैंस को उनके मुख्य सचिव के रुप में पूरे किए गए कार्यकाल और दो सेवा वृद्धियों के कार्यकाल के समाप्त होने के बाद औपचारिक रुप से सम्मान सहित विदाई देने के लिए इस कैबिनेट बैठक का आयोजन किया गया है। इस बैठक में कोई नीतिगत निर्णय नहीं लिया जाएगा इसीलिए एजेंडे के रुप में कोई विषय प्रस्तावित नहीं किया गया है।

मुख्य सचिव बैंस से जुड़े कार्यो का मुख्यमंत्री स्वयं और अन्य मंत्रिगण इस बैठक में जिक्र करेंगे। कैबिनेट में उपस्थित होने वाले अफसर भी बैंस के कार्यकाल के यादगार क्षणों का जिक्र कर सकते है। CM शिवराज सिंह चौहान बैठक में अपने सहयोगियों और अधिकारियों के सहयोग के लिए उनका आभार भी व्यक्त करेंगे।