WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Lightning Strike: आकाशीय बिजली गिरने से मां-बेटी की मौत,पति घायल, 2 अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसे से 3 घायल

Lightning Strike: आकाशीय बिजली गिरने से मां-बेटी की मौत,पति घायल, 2 अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसे से 3 घायल

राजेश चौरसिया की रिपोर्ट 

छतरपुर। जिले में बीते रोज हुई तेज बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। गढ़ीमलहरा और राजनगर थाना क्षेत्रों में दो अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने से एक मां और उनकी बेटी की मौत हो गई, जबकि मृत महिला के पति सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के खीरी गांव में शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे मानकुंवर कुशवाहा (28 वर्ष), उनकी बेटी करिश्मा (10 वर्ष) और पति मनप्यारे कुशवाहा (37 वर्ष) खेत में सफाई का काम कर रहे थे। अचानक तेज बारिश शुरू होने पर तीनों एक नीम के पेड़ के नीचे शरण लेने गए। तभी आकाशीय बिजली गिरने से मानकुंवर और करिश्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनप्यारे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों का कहना है कि इस अप्रत्याशित हादसे ने परिवार को तोड़कर रख दिया है।

इसी बीच, राजनगर थाना क्षेत्र के कांटी गांव में एक अन्य घटना में बेवी अनुरागी (30 वर्ष), पत्नी रामगोपाल अनुरागी निवासी ग्राम दिलनियां, पर भी आकाशीय बिजली गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

जिले में गरज-चमक के साथ हुई इस बारिश ने कई इलाकों में दहशत फैला दी। जिला अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. रोशन दुबेदी ने बताया, आकाशीय बिजली गिरने के मामले में एक महिला और एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो घायल व्यक्तियों का इलाज चल रहा है। घायलों की स्थिति गंभीर है, और हम उनका समुचित उपचार कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मॉनसून के दौरान बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, और लोगों को खुले मैदान या पेड़ के नीचे शरण लेने से बचना चाहिए।