केंद्रीय रेल मंत्री से मिले मध्य प्रदेश अध्यक्ष, नई दिल्ली-खजुराहो ट्रेन के लिए किया आग्रह

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा-सीधी रेल सेवा से मिलेगी देशी और विदेशी पर्यटकों को सुविधा

425

नई दिल्ली/भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने गुरुवार को केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से भेंट की। इस दौरान श्री शर्मा ने नई दिल्ली से खजुराहो के बीच गतिमान/वंदे भारत या शताब्दी एक्सप्रेस जैसी रेल सेवा शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने रेल मंत्री को इस संबंध में एक पत्र भी सौंपा।

केंद्रीय रेल मंत्री श्री वैष्णव को संबोधित पत्र में प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री शर्मा ने कहा है कि नई दिल्ली एवं खजुराहो के बीच मथुरा, आगरा, मुरैना, चम्बल-ग्वालियर, मितावली, कुन्तलपुर, दतिया, झांसी, ओरछा एवं महोबा जैसे धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व के पर्यटन स्थल हैं।

इसके अलावा खजुराहो में चंदेल कालीन विश्व प्रसिद्ध मंदिर है तथा पन्ना टाइगर रिजर्व भी यहां से जुड़ा हुआ है। श्री शर्मा ने कहा कि इन स्थलों के अवलोकन के लिए हर साल लाखों देशी और विदेशी पर्यटक आते हैं। खजुराहो में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है, लेकिन यहां से रोजाना विमान सेवा उपलब्ध नहीं है।

ऐसी स्थिति में अधिकांश पर्यटकों को रेलों पर ही निर्भर रहना पड़ता है। श्री शर्मा ने आग्रह किया कि नई दिल्ली और खजुराहो के बीच गतिमान/वंदे भारत/शताब्दी एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू होने से न सिर्फ पर्यटकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि संपूर्ण क्षेत्र में पर्यटन उद्योग का भी तेजी से विकास होगा।