महेश्वर नगर परिषद Ward चुनाव: भाजपा पार्षद निर्विरोध निर्वाचित

खरगोन से आशुतोष पुरोहित की रिपोर्ट 

खरगोन. खरगोन जिले के महेश्वर नगर परिषद चुनाव में वार्ड क्रमांक 7 से आज नाम वापसी के अंतिम दिन भाजपा पार्षद प्रत्याशी आरती विक्रम पटेल निर्विरोध निर्वाचित हो गई। वार्ड क्रमांक 7 से भाजपा और कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी सहित 6 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरा था लेकिन नाम वापसी के अंतिम दिन आरती को छोड़कर सभी उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिये।

कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी रंजना पवार के नाम वापसी लेने से भाजपा में जश्न का महौल है। भाजपा की जीत का खाता खुलने से भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा गया। गौरतलब है कि पिछली बार महेश्वर में कांग्रेस की नगर परिषद थी। उत्साही कार्यकर्ताओं ने शहर में विजयी जुलूस ही निकाल दिया।

निर्विरोध निर्वाचन के दौरान भाजपा के पूर्व विधायक भूपेन्द्र आर्य, गजराज यादव, भूपेन्द्र जैन, भाजपा नेता जितेन्द्र पाटीदार आर्य और विक्रम पटेल की मौजूदगी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस को शिकस्त देने के बाद खूब जश्न मनाया। कांग्रेस की प्रत्याशी रंजना पंवार के द्वारा नाम वापस लेना कांग्रेस के मिस मैनेजमेंट और कांग्रेस में चल रही गुटबाजी से जोड़कर देखा जा रहा है।

महेश्वर की विधायक पूर्व मंत्री डाॅ विजयलक्ष्मी साधौ के क्षेत्र में अधिकृत प्रत्याशी के नामांकन वापस उठा लेने से सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि साधौ की मर्जी से ही कांग्रेस में टिकट वितरण हुआ है। निर्विरोध एक पार्षद भाजपा का बनने से भाजपा की कांग्रेस पर मनो वैज्ञानिक जीत हासिल हो गई है।

निर्विरोध निर्वाचित पार्षद आरती पूर्व पार्षद विक्रम पटेल की पत्नी है। आरती का कहना है कि ये भाजपा और मेरी वार्ड की जनता की बड़ी जीत है। इधर कांग्रेस ने अधिकृत प्रत्याशी के द्वारा नाम वापस लेने को भाजपा नेताओं और प्रशासन का दबाव बता दिया है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की है।

देखिये वीडियो: क्या कह रही हैं, आरती विक्रम पटेल (निर्विरोध निर्वाचित पार्षद, वार्ड क्रमांक 7, नगर परिषद, महेश्वर)-

देखिये वीडियो: क्या कह रहे हैं, शरद श्रीमाली (नगर अध्यक्ष, कांग्रेस, महेश्वर)-