
पत्नी की बेरहमी से हत्या का आरोपी गिरफ्तारी से पहले गटक गया कीटनाशक
खरगोन। महाराष्ट्र के पुणे जिले में पत्नी की गला रेतकर हत्या करने और उसके नाक-कान काटने के आरोप में फरार चल रहे आरोपी ने मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में गिरफ्तारी से पहले कथित रूप से कीटनाशक पी लिया। फिलहाल उसकी हालत में सुधार होने के बाद उसे अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती रखा गया है, जहां महाराष्ट्र पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
भीकनगांव थाना प्रभारी नीरज सरवान ने बताया कि आरोपी 36 वर्षीय दयाराम बाबर खरगोन जिले के पोखराबाद गांव का निवासी है। वह पिछले तीन वर्षों से पत्नी किरण और चार बच्चों के साथ पुणे में रहकर कचरा संग्रहण वाहन पर सफाई कर्मचारी के रूप में काम करता था।
पुलिस के अनुसार, 24 जून की तड़के पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि दयाराम ने चारों बच्चों के सामने धारदार हथियार से पत्नी का गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने कथित तौर पर मृतका के नाक और कान काटकर बाथरूम में रख दिए और मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के भाई दादू बोरसे, जो पुणे में हाउसकीपिंग का काम करते हैं, मौके पर पहुंचे और खराड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अंतिम संस्कार के लिए मृतका का शव उसके पैतृक गांव पोखराबाद लाया गया। इस दौरान महाराष्ट्र पुलिस ने परिजनों से आरोपी के दिखने पर तत्काल सूचना देने को कहा था।
शुक्रवार सुबह दादू बोरसे ने भीकनगांव बस स्टैंड के पास दयाराम को देखा और इसकी सूचना पुणे के खराड़ी थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी ने, जो कथित रूप से शराब के नशे में था, कीटनाशक पी लिया। महाराष्ट्र पुलिस ने दयाराम के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की जानकारी भीकन गांव थाना पुलिस को दी।
उसे पहले भीकनगांव अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत होने पर खरगोन जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, शुरुआत में उसे आईसीयू में भर्ती किया गया था। शनिवार को हालत में सुधार होने पर उसे मेडिकल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, इलाज के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या को लेकर पछतावा भी व्यक्त किया है। वहीं, पुणे के खराड़ी थाना पुलिस अस्पताल में मौजूद है और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक आरोपी को अपनी निगरानी में रखे हुए है।





