MP Cabinet Expansion: आज रात हो सकता है नए मंत्रियों का शपथ विधि समारोह

949

MP Cabinet Expansion: आज रात हो सकता है नए मंत्रियों का शपथ विधि समारोह

 

भोपाल: मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासी गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि यह आज रात मूर्त रूप ले सकता है। राज्यपाल कल दोपहर में दो दिन के लिए भोपाल से बाहर जा रहे हैं और उपलब्ध नहीं होंगे। इसलिए यह माना जा रहा है कि शपथ विधि समारोह आज रात में ही हो सकता है और चल रही अटकलों पर विराम लग सकता है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजेंद्र शुक्ला और गौरी शंकर बिसेन का नाम तो पहले दिन से ही तय है। तीसरे नाम को लेकर भी कोहरा लगभग छट गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लोधी वोट को देखते हुए खरगापुर विधानसभा सीट से पहली बार चुनकर आए राहुल लोधी को मंत्रिमंडल में राज्य मंत्री के रूप में शामिल किया जा सकता है। राहुल भाजपा की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के भतीजे हैं।

चौथे नाम को लेकर भी अभी भी चर्चाएं जारी हैं और यह तय नहीं हो पा रहा है कि आदिवासी या अनुसूचित जाति के किस विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज जबलपुर दौरे पर हैं और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उन्हें आज शाम 7:45 बजे वापस भोपाल लौटना है लेकिन सूत्रों के अनुसार वे अब जल्दी भी आ सकते हैं। ऐसी संभावना है कि मुख्यमंत्री के भोपाल आते ही केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर,प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव एक बार फिर साथ में बैठ सकते हैं और चौथे नाम को लेकर SC या ST विधायकों पर विचार कर अंतिम रूप दे सकते हैं। ये नेता गुरुवार के सुबह भी मुख्यमंत्री निवास पर जुटे थे और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर विचार विमर्श किया था।