
MP News: 7 लाख का सोने का हार गायब, दो नकाबपोश महिलाओं पर चोरी का शक; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस..
छतरपुर: शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के चौक बाजार स्थित रामगली बजरिया में एक महिला के पर्स से करीब 7 लाख रुपए कीमत का 4 से 5 तोला वजनी सोने का हार गायब होने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने दो नकाबपोश महिलाओं पर चोरी का शक जताया है। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। हालांकि फुटेज में चोरी की वारदात स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रही है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के चरखारी निवासी माधुरी सोनी डार्क कलर की साड़ी और पीले रंग का ब्लाउज पहनकर रामगली बजरिया स्थित दादा मातेले की जनरल स्टोर पर खरीदारी करने पहुंची थीं। इसी दौरान दो नकाबपोश महिलाएं उनके पास और पीछे आकर खड़ी हो गईं। कुछ देर बाद जब माधुरी सोनी वहां से रवाना हुईं और अपना पर्स देखा तो उसमें रखा करीब 7 लाख रुपए कीमत का सोने का हार गायब था।
पीड़िता का कहना है कि वह इससे पहले एक आभूषण की दुकान से हार लेकर उसे अपने पर्स में रख चुकी थीं और वहां से सीधे जनरल स्टोर पहुंची थीं। दुकान से निकलने के बाद जब उन्होंने पर्स देखा तो हार नहीं मिला। इसके बाद वह वापस दुकान पहुंचीं और दुकानदार के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में दो नकाबपोश महिलाएं उनके पीछे खड़ी दिखाई दे रही हैं, जिसके आधार पर उन्हीं पर चोरी का संदेह जताया जा रहा है।
मामले की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर आसपास के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध महिलाओं की पहचान कर मामले की जांच की जा रही है।
*वारदात पर अब भी सस्पेंस..*
पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हार की चोरी जनरल स्टोर पर ही हुई या फिर किसी अन्य स्थान पर। सीसीटीवी फुटेज में चोरी की घटना साफ दिखाई नहीं दे रही है। फिलहाल पीड़िता के संदेह और उपलब्ध फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।





