
नर्मदापुरम कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने अपनी नेमप्लेट पर लिखवाया निजी मोबाइल नंबर
चंद्रकांत अग्रवाल की विशेष रिपोर्ट
भोपाल। नर्मदापुरम जिले के 121 वें कलेक्टर और 2013 बैच के आईएएस सोमेश मिश्रा ने पदभार ग्रहण करते ही एक नवाचार किया है। उन्होंने अपने कक्ष के बाहर लगी नेमप्लेट पर नाम के नीचे अपना शासकीय और व्यक्तिगत (प्राइवेट) मोबाइल नंबर लिखवाएं है। नर्मदा पुरम जिले में क्या शायद यह पहली बार हो रहा है जब किसी कलेक्टर ने सार्वजनिक रूप से अपने नेमप्लेट पर अपने मोबाइल नंबर लिखे हैं।
कलेक्टर तीन दिन से मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी बीच बुधवार को उन्होंने अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों की शिकायतें सुनीं और एक पीड़ित महिला को रेडक्रॉस से 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता भी दिलाई।
मंडला में भी कर चुके हैं यह प्रयोग
इससे पहले मंडला में कलेक्टर रह चुके सोमेश मिश्रा ने अपने पूर्व जिले में भी यह प्रयोग किया था, जहां लोगों का काफी सकारात्मक रुझान दिखाई दिया था। नर्मदापुरम जिले में किसी भी कलेक्टर द्वारा पहली बार ऐसा नवाचार किया गया है।
बुधवार को नेमप्लेट लगने के बाद कलेक्ट्रेट में इसकी चर्चा रही और इसे कलेक्ट्रेट की परिपाटी बदलने वाला कदम बताया जा रहा है।
बता दें कि कलेक्टर मिश्रा नर्मदा पूजन के साथ पदभार ग्रहण करने के बाद से ही काम में जुट गए हैं।





