World Blood Donor Day पर खुशी एक पहल वेलफेयर सोसायटी का विशाल रक्तदान शिविर, 85 यूनिट रक्तदान, 11 रक्तवीरों का सम्मान, लाल गुब्बारे छोड़, दिया रक्तदान का संदेश!

37

World Blood Donor Day पर खुशी एक पहल वेलफेयर सोसायटी का विशाल रक्तदान शिविर, 85 यूनिट रक्तदान, 11 रक्तवीरों का सम्मान, लाल गुब्बारे छोड़, दिया रक्तदान का संदेश!

 

Ratlam : विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर खुशी एक पहल वेलफेयर सोसायटी द्वारा शहर की कॉलेज रोड़ स्थित मानव सेवा समिति पर विशाल रक्तदान शिविर एवं रक्तवीर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जो सेवा, समर्पण और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों, युवाओं, महिलाओं, परिवारों, संत-महात्माओं, प्रशासनिक अधिकारियों एवं समाजसेवियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। शिविर में कुल 85 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो अनेक जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा में सहायक होगा। विशेष रूप से बड़ी संख्या में ऐसे युवाओं ने रक्तदान किया, जिन्होंने अपने जीवन में पहली बार रक्तदान किया। युवाओं के उत्साह ने यह संदेश दिया कि नई पीढ़ी समाज सेवा के प्रति जागरूक और संवेदनशील है। शिविर में संत समाज का विशेष सान्निध्य प्राप्त हुआ। श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर देवस्वरूपानंदजी महाराज, श्री श्री 1008 दंडी स्वामी आत्मानंदजी महाराज एवं महर्षि संजय शिवशंकरजी दवे ने अपने-अपने प्रेरक उद्बोधन में रक्तदान को जीवनदान बताते हुए इसे प्रत्येक व्यक्ति का सामाजिक एवं नैतिक दायित्व बताया।

 

मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. लीला जोशी रहीं। विशिष्ट अतिथियों में रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, नरेंद्र मोदी विचार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी मोहनलाल मुरलीवाला, मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय, रेड क्रॉस सोसायटी के डायरेक्टर हेमंत मूणत, समाजसेवी निलेश पटेल एवं डॉ. प्रकाश शर्मा उपस्थित रहें। पद्मश्री डॉ. लीला जोशी ने कहा, “रक्तदान मानवता की सच्ची सेवा है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।” मनोहर पोरवाल ने कहा, “रक्तदान किसी को नया जीवन देने का माध्यम है। युवाओं की भागीदारी समाज के लिए प्रेरणादायी है।”

IMG 20260615 WA0007

रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता का संदेश देने हेतु अतिथियों एवं संतों द्वारा आकाश में लाल गुब्बारे छोड़कर समाज को मानवता और सेवा का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने नियमित रक्तदान का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम की एक प्रेरणादायी झलक जोशी परिवार द्वारा प्रस्तुत की गई, जहां परिवार के बहू, बेटी, दामाद, भाई-बहन एवं अन्य सदस्यों ने सामूहिक रूप से रक्तदान कर सामाजिक एकता एवं सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। परिवार के इस योगदान की सभी अतिथियों ने सराहना की। रक्तदान शिविर में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं को खुशी एक पहल वेलफेयर सोसायटी द्वारा प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए। साथ ही रक्तदान एवं रक्त सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 11 समर्पित व्यक्तियों को “रक्तवीर सम्मान” से सम्मानित किया गया।

IMG 20260615 WA0005

संस्था अध्यक्ष हरीश जोशी ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। वहीं संस्था सचिव श्री अमन माहेश्वरी ने सभी रक्तदाताओं, संत-महात्माओं, अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, मीडिया प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितैषी कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त कियाविश्व रक्तदाता दिवस पर आयोजित यह शिविर केवल रक्त संग्रहण का कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि समाज को सेवा, संवेदना और मानवता से जोड़ने वाला एक जन-आंदोलन बनकर उभरा। खुशी एक पहल वेलफेयर सोसायटी ने एक बार फिर सिद्ध किया कि जब समाज के जागरूक नागरिक एक उद्देश्य के लिए एकजुट होते हैं, तब सकारात्मक परिवर्तन की नई इबारत लिखी जाती हैं!