WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

PHQ ने साढ़े चार सौ निरीक्षकों की DE, आपराधिक प्रकरणों की जानकारी की तलब

भोपाल: पुलिस मुख्यालय ने प्रदेश के लगभग साढ़े चार सौ पुलिस निरीक्षकों की विभागीय जांच, आपराधिक प्रकरणों और उन्हें मिले दंड की जानकारी तलब की है। इस संबंध में सभी पुलिस अधीक्षकों को पीएचक्यू की प्रशासन शाखा ने पत्र लिखा है। यह जानकारी 15 अगस्त तक सभी को पुलिस मुख्यालय भेजना होगी। इस जानकारी के साथ आरोप पत्र, दंड आदेश की प्रति भी पुलिस मुख्यालय ने तलब की है।

पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस अधीक्षकों के साथ ही डीजी लोकायुक्त, डीजी ईओडब्ल्यू, सभी एडीजी,  विशेष सशस्त्र बल सहित रेंज में पदस्थ आईजी, डीआईजी को भी इस संबंध में पत्र लिखा है। पत्र के साथ 444 निरीक्षकों के नाम और नियुक्ति दिनांक के साथ वर्तमान पदस्थापना की एक सूची भी भेजी गई है।
इस सूची में जिला पुलिस बल के निरीक्षकों के अलावा उनके समकक्ष संवर्ग के अधिकारियों का विवरण भी मांगा गया है। इसमें जिला बल के 290, विशेष सशस्त्र बल के कंपनी कमांडर वर्ग के 69, रक्षित निरीक्षक वर्ग के 50, निरीक्षक रेडिया संवर्ग के 35 अफसर शामिल हैं। ऐसा माना जा रहा है कि इन सभी को डीएसपी के कार्यवाहक प्रभार देने को लेकर कवायद शुरू की जा रही है। इसके चलते इनकी विभागीय जांच, आपराधिक प्रकरण और दंड आदि से पुलिस मुख्यालय अपडेट होना चाहता है। इसके लिए जो अफसर इसमें बेदाग होंगे वे फीट लिस्ट में शामिल होंगे।

भोपाल से इनकी मांगी जानकारी
भोपाल जिला पुलिस बल में पदस्थ सात निरीक्षकों की जानकारी तलब की गई है। इनमें अनिल सिंह मौर्य, महेंद्र सिंह चौहान, आलोक श्रीवास्तव, योगिता साटनकर, शैलेंद्र कुमार शर्मा, हरीशरण पांडे और अनिल वाजपेई के नाम शामिल हैं। वहीं जबलपुर के एक दर्जन निरीक्षकों की जानकारी तलब की गई है। इनमें राजेंद्र कुमार सोनी, उमाशंकर सोनी, सुरेखा परमार, आसिफ इकबाल, प्रफुल्ल श्रीवास्तव, शिवप्रताप सिंह बघेल, मधुर कुमार पटेरिया, शैलेश कुमार मिश्रा, विजय अभोरे, विजय तिवारी, राकेश कुमार तिवारी और रितेश साहू शामिल हैं। ग्वालियर के भी एक दर्जन पुलिस निरीक्षकों की जानकारी तलब की गई है। इनमें अमर सिंह सिकरवार, राम विलास विमल, दीप सिंह सेंगर, शैलजा गुप्ता, विवेक अष्ठाना , संजीव नयन शर्मा, विनायक शुक्ला, राजीव कुमार गुप्ता, दामोदर गुप्ता, संतोष कुमार मिश्रा, महेश कुमार शर्मा  और आलोक त्रिवेदी  शामिल हैं। RB