Real Marriages of Fake Officer : नारकोटिक्स का नकली अफसर 7 पत्नियों का पति निकला!

दो महिलाओं ने दुष्कर्म का केस लगाया, दो से बच्चे भी, 3 से तलाक हुआ

772

Real Marriages of Fake Officer : नारकोटिक्स का नकली अफसर 7 पत्नियों का पति निकला!

Indore : दिल्ली के जिस फर्जी नॉरिकोटिक्स अफसर इंद्रनाथ पिता गोविंदराम लकड़ा उर्फ रोहित के खिलाफ उसकी पत्नी ने रिपोर्ट लिखाई थी, अब उनकी धोखेबाजी की कई कहानियां सामने आ रही है। वो अपने आपको इंदौर में पदस्थ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का अफसर बताता था। पता चला कि कुछ जगह उसने खुद को आईबी का अफसर भी बताया। लेकिन, जब पड़ताल की, तो सच्चाई पता चली कि उसने तो सात लड़कियों से शादियां की है।

इस फर्जी अफसर की पत्नियों से दो बच्चे भी हुए और तीन से उसका तलाक भी हुआ। दो ने उसके खिलाफ दुष्कर्म का केस लगा रखा है। इन्हीं में से एक पत्नी ने इस फर्जी अफसर की पोल खोली। इंद्रनाथ लकड़ा की पत्नी अनिता छत्तीसगढ़ में डिप्टी रेंजर हैं। उन्होंने ही आरोपी का विजिटिंग कार्ड दिल्ली के जरिए इंदौर भेजकर जानकारी मांगी थी। यहां से पता चला कि ये कार्ड नकली है। उन्होंने यह भी बताया कि कथित पति के चाल-चलन से लगने लगा था कि कोई अफसर ऐसा कैसे हो सकता है। इसी शंका में दिल्ली तक शिकायत की, तो पति का फर्जीवाड़ा सामने आ गया। पुलिस आरोपी की तलाश में है।

डिप्टी रेंजर अनिता के मुताबिक, इंद्रनाथ लकड़ा खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो या नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का अफसर बताकर शादी रचाता था। दिल्ली और झारखंड के रांची में भी दो महिलाओं ने उस पर दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। तीन महिलाएं पहले ही उससे तलाक ले चुकी हैं। उसे पहली पत्नी से एक बेटा और धनबाद में उसने दूसरी शादी की, उससे उसे दो बच्चे हैं।

सोशल मीडिया से लड़कियां ढूंढता
अपनी जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि इंद्रनाथ लकड़ा निवासी माघटोली ग्राम पंचायत नारायणपुर जिला जशपुर (छत्तीसगढ़) ने शादी के लिए वेबसाइट पर अपनी प्रोफाइल अपलोड की थी। वह इंस्टाग्राम और फेसबुक पर ऐसी लड़कियों को सर्च करता था, जो सिंगल हैं। इसके बाद उन्हें अपनी प्रोफाइल भेजकर इंप्रेस करता और मौका देखकर शादी का प्रपोजल रखता। इसके बाद उन्हें भरोसे में लेकर चुपचाप शादी कर लेता। फिर ड्यूटी पर जाने या अपराधियों को पकड़ने का बोलकर पत्नी को छोड़कर गायब हो जाता। इसी बीच वो पत्नी से पैसे भी ऐंठ लेता था। वह जब शादी करता, तो इतना भरोसा दिला देता कि किसी को शक नहीं नहीं होता था कि इसने कहीं और भी शादी।

कार और लाखों रुपए  की ठगी
इंद्रनाथ ने छत्तीसगढ़ की डिप्टी रेंजर पत्नी अनिता से लाखों रुपए ठगे। पत्नी के नाम से एक कार लेकर खुद रख ली। इसकी किश्तें पत्नी अनिता को जमा करना पड़ रही हैं। अनिता ने पुलिस को बताया कि इंद्रनाथ से अनिता ने रोहित लाकड़ा बनकर पहचान की थी। उसने इंस्टाग्राम के जरिए नवंबर 2021 में दोस्ती की और मैसेज करने लगा। वो खुद को सेंट्रल गर्वमेंट का अफसर बताकर बात करने लगा।     अनिता से कहने लगा कि वह भी छत्तीसगढ़ स्टेट का कर्मचारी है। इसके बाद दोनों में अच्छी जमेगी। अनिता ने उसे इग्नोर किया, लेकिन आरोपी इंद्रनाथ ने एक दिन के लिए अनिता को रायपुर मिलने बुलाया। 15 नवंबर 2021 को अनिता को होटल में ही रुकने के लिए कहा और यहीं आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। अनिता ने परिवार से मिलने और मिलाने की बात कही तो इंद्रनाथ ने यह कहकर टाल दिया कि वह उसे पसंद करता है। परिवार के बाद समझा लेगा।

कई महिलाएं मिलीं जिनसे शादी की
शुरू में अनिता को जरा भी शंका नहीं हुई। पोस्टिंग बाहर होने के दौरान किसी न किसी बात पर रुपए मांगने लगा। एक दिन इंद्रनाथ एक महिला से बात कर रहा था। इस पर अनिता को शंका हुई और अनिता ने उसे पकड़ा तो वह कहने लगा कि वह दोस्त है। इसके बाद अनिता ने इंस्टाग्राम पर इंद्रनाथ से जुड़ी लड़कियों को फॉलो करना शुरू किया। इस दौरान कुछ महिलाओं पर शक होने के बाद अनिता ने उनसे बातचीत की। इन महिलाओं ने बताया कि इंद्रनाथ के साथ उनकी शादी हुई है। अनिता यहीं नहीं रुकी। अनिता ने सोशल मीडिया से कई ऐसी महिलाओं का पता लगाया। इन सभी से इंद्रनाथ ने शादी की थी।

कार्ड भेजा जो फर्जी निकला
एक दिन मौका पाकर अनिता ने रोहित का विजिटिंग कार्ड जेब से निकाल लिया। उसने यह कार्ड नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के दिल्ली ऑफिस को मेल पर भेजा। अनिता ने इस कार्ड की सत्यता के बारे में एनसीबी से जानकारी मांगी। वहां से पता चला कि यह कार्ड फर्जी है। एनसीबी में इंद्रनाथ नाम का अधिकारी है न कर्मचारी। इसके बाद अनिता ने रायगढ़ के धर्मजयगढ़ थाने में इंद्रनाथ उर्फ रोहित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।

जबलपुर, कोलकाता, दिल्ली, पटना, झारखंड और नोएडा में शादियां
जानकारी मिली कि इंद्रनाथ उर्फ रोहित लाकड़ा ने जबलपुर, कोलकाता, दिल्ली, पटना, झारखंड व नोएडा में भी इसी तरह से अफसर बन शादियां की। कुछ मामलों में पीड़िताओं ने शिकायत भी की। जबकि कुछ महिलाओं को इंद्रनाथ की हकीकत पता चली तो उन्होंने इंद्रनाथ ने तलाक ले लिया। इंद्रनाथ पर दिल्ली व रांची में दो युवतियों ने दुष्कर्म के केस भी दर्ज कराए। जांच के दौरान पुलिस को कई फोटोग्राफ भी मिले हैं। इनसे ही पता चला कि इंद्रनाथ ने कई महिलाओं से शादियां की हैं।

दिल्ली से गिरफ्तार किया गया
जब तक पता चला तब तक रोहित उर्फ इन्द्रनाथ ने दिल्ली में एक नई युवती को झांसा देकर उसके साथ ब्याह रचा लिया और दिल्ली में छिपकर बैठा था। धरमजयगढ़ एसडीओपी दीपक मिश्रा ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना धरमजयगढ़ में अप.क्र. 48/2023 धारा 419, 420 आईपीसी 376 आईपीसी का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी की खोजबीन शुरू की गई और दिल्ली से आरोपी को गिरफ्तार किया गया।