WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

छतरपुर रेलवे स्टेशन पर सेवानिवृत्त इंजीनियर ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, जानिए वजह

414
Businessman Committed Suicide : पैसा न मिलने से परेशान सोना-चांदी व्यापारी ने आत्महत्या की!

छतरपुर रेलवे स्टेशन पर सेवानिवृत्त इंजीनियर ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, जानिए वजह

छतरपुर: छतरपुर रेलवे स्टेशन से एक दुखद घटना सामने आई है। सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त इंजीनियर अरुण कुमार अग्रवाल ने महामना एक्सप्रेस के सामने कूदकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों के मुताबिक, अरुण कुमार अग्रवाल घर से सामान्य रूप से निकले थे, लेकिन कुछ ही देर बाद यह खबर मिली कि उन्होंने रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और रेलवे स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की।

मृतक के साले भरत भूषण अग्रवाल ने बताया कि अरुण कुमार लंबे समय से एक गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। बीमारी के चलते वे मानसिक रूप से काफी परेशान और अवसाद में थे। परिवार ने उनका इलाज भी कराया, लेकिन उनकी स्थिति में खास सुधार नहीं हो रहा था। इसी तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।

घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे जिला कलेक्टर के नाम लिखा गया है। सुसाइड नोट में अरुण कुमार ने अपनी बीमारी और उससे हो रही परेशानियों को आत्महत्या का कारण बताया है।

उन्होंने स्पष्ट रूप से लिखा है कि इस घटना के लिए कोई भी व्यक्ति जिम्मेदार नहीं है।

पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला सामने आ रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

इस घटना के बाद महावीर कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने इसे बेहद दुखद बताते हुए कहा कि बीमारी और मानसिक तनाव के मामलों में समय रहते मदद मिलना बेहद जरूरी है।