

Roof Slab Fell : सीमेंट प्लांट में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन छत का स्लैब गिरा, 5 की मौत, 30 से ज्यादा मजदूर घायल!
मलबे में दबे कई मजदूरों को निकालने की कोशिश की जा रही!
Panna : जिले के अमानगंज क्षेत्र में गांव पगरा स्थित जेके सीमेंट फैक्ट्री के प्लांट में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में निर्माणाधीन हिस्से में छत की स्लैब डाली जा रही थी, जहां सैकड़ों मजदूर काम कर रहे थे। इस दौरान अचानक भाड़ा (स्कैफोल्डिंग) गिर गया, जिसकी चपेट में कई मजदूर आ गए। पहले दो मजदूरों की मौत की खबर थी, बाद में ये बढ़कर 5 हो गई है। करीब 30 मजदूर घायल बताए जा रहे हैं।
एएसपी आरती सिंह ने बताया कि राहत बचाव कार्य किया जा रहा है। कई घायल मजदूरों को नजदीकी कटनी जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मलबे में दबे कई मजदूरों को निकालने की कोशिश की जा रही है। हादसे मे तीन घंटे बाद भी प्रशासन और प्रबंधन की तरफ से कोई अधिकृत जानकारी नहीं दी जा रही है। प्लांट का मेन गेट बंद कर दिया गया है।
न प्लांट के अंदर केवल प्रशासन और कर्मचारियों के साथ-साथ एसडीआरएफ की टीम है। पन्ना एसपी साईं कृष्ण एस थोटा ने बताया, पुलिस बल और एसडीआरएफ की टीम राहत और बचाव कार्य में लगी है। रेस्क्यू का काम तेजी से चल रहा है। इस बारे में जिला प्रशासन, पुलिस या सीमेंट कंपनी वालों की तरफ से कोई बयान नहीं आया और न कोई पुष्टि की गई। सीमंट प्लांट में अफरातफरी का माहौल है।
जेके सीमेंट के इस प्लांट की दूसरी यूनिट में बिल्डिंग निर्माणधीन है। इसका काम तेज गति से चल रहा था। छत की ढलाई का काम चल रहा था कि गुरुवार सुबह अचानक छत का स्लैब गर गया। इससे वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए. कुछ मजदूरों की मौत की जानकारी सामने आ रही है। हादसे की जगह पर मीडिया कर्मियों के साथ ही आम लोगों की एंट्री बैन है।
अपर कलेक्टर निलंबन मिश्रा ने बताया कि मलबे से मृतकों को निकालने और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमरिया पहुंचाया गया है। गंभीर घायलों को सतना के बिरला हॉस्पिटल पहुंचाया जा रहा।
जिला प्रशासन व पुलिस का कहना है कि पहली प्राथमिकता लोगों को अस्पताल पहुंचाने की है। मलबे को हटाया जा रहा है। पूरा मलबा हटने के बाद ही तस्वीर साफ हो सकेगी। रेस्क्यू में जिला प्रशासन की टीमों के साथ ही पुलिस एवं एनडीआरएफ टीमें जुटी हैं. जिले के सारे बड़े अफसर मौके पर मौजूद हैं।