SAS to IAS: राप्रसे के 13 अफसर बनेंगे IAS, UPSC को प्रस्ताव भेजने की तैयारी

136
IAS Transfer

SAS to IAS: राप्रसे के 13 अफसर बनेंगे IAS, UPSC को प्रस्ताव भेजने की तैयारी

भोपाल: मध्यप्रदेश में राज्य प्रशासनिक सेवा के तेरह अफसर इस बार भारतीय प्रशासनिक सेवा मे पदोन्नत किए जाएंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने पदों की स्वीकृति के लिए डीओपीटी को प्रस्ताव भेजा था। वहां से पदों की स्वीकृति के बाद यूपीएससी को विभागीय पदोन्नति के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।
सामान्य प्रशासन विभाग कार्मिक ने अभी तक यूपीएससी को प्रस्ताव नहीं भेजा है। इस बार भी पदोन्नति से वंचित तीन अफसरों जयेन्द्र विजयवत, मनोज मालवीय और कमल नागर के साथ कुल तेरह पदों पर 39 राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों के नामों पर विचार किया जाएगा। राप्रसे से आईएएस और रापुसे से भापुसे में पदोन्नति के लिए यूपीएससी साथ में ही तारीख दे सकती है।
राज्य प्रशासनिक सेवा से भारतीय प्रशासनिक सेवा मे पदोन्नति के लिए जिन अफसरों के नाम इस बार विचारण में आएंगे उनमें 1999 बैच के जयेन्द्र कुमार विजयवत, मनोज मालवीय और 2002 बैच के कमल चंद्र नागर के नामों पर भी पदोन्नति के लिए विचार किया जाएगा। इनके अलावा 2007 बैच की मिनिषा पांडे, इला तिवारी, नीता राठौर, शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, रानी पासी, रंजना देवड़ा, माधवी नागेन्द्र, वर्षा सोलंकी, प्रियंका गोयल, अभिषेक दुबे,नरोत्तम प्रसाद भार्गव, निधि सिंह राजपूत, निमिषा जायसवाल, संदीप सोनी सहित 39 अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा। इनकी सीआर, विभागीय जांच, परफारमेंस पर विभागीय पदोन्नति समिति विचार करेगी। इसके बाद इन्हें आईएएस अवार्ड करने का निर्णय लिया जाएगा। यूपीएससी से डीपीसी की तारीख आने के बाद यूपीएससी के सदस्य, मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश के एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी इस डीपीसी की बैठक में शामिल होंगे और उपयुक्त पाए गए अफसरों को पदोन्नत करने की सिफारिश समिति करेगी। इसके बाद डीओपीटी आदेश जारी करेगी।