शिवराज जी ने प्रदेश को डुबा दिया कर्ज में, जनता को अब नहीं पसंद उनका चेहरा, फिर बनेगी कांग्रेस की सरकार,कमलनाथ बनेंगे सी एमबोले प्रदेश उपाध्यक्ष मानक अग्रवाल

देखें वीडियो,क्या कहा मानक अग्रवाल ने

1992

शिवराज जी ने प्रदेश को डुबा दिया कर्ज में, जनता को अब नहीं पसंद उनका चेहरा, फिर बनेगी कांग्रेस की सरकार,कमलनाथ बनेंगे सी एमबोले प्रदेश उपाध्यक्ष मानक अग्रवाल

जिला प्रतिनिधि चंद्रकांत अग्रवाल की राजनीतिक रिपोर्ट

इटारसी। शिवराज जी ने प्रदेश को कर्ज में डुबा दिया है। वे घोषणाएं बहुत करते हैं, लेकिन उन पर अमल कहां हो रहा है। अब शिवराज का चेहरा ही जनता को पसंद नहीं है, जनता बदलाव चाहती है। जनता तंग आ चुकी है। आगामी चुनाव में प्रदेश व नर्मदापुरम जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस ही जीतेगी। पिछला चुनाव भी प्रदेश की जनता ने तो कांग्रेस को ही बहुमत देकर जिताया था। उक्त बातें कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मानक अग्रवाल ने एक प्रेस वार्ता में इटारसी के मीडिया से कहीं। वे रविवार को दिन भर के दौरा कार्यक्रम के तहत इटारसी पहुंचे। यहां मानक अग्रवाल ने पत्रकारों से देश,प्रदेश व स्थानीय सभी मुद्दों पर खुलकर चर्चा की। मानक अग्रवाल से प्रदेश में आज शुरू हुई भाजपा की विकास यात्रा को लेकर कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तुलना शिवराज सिंह की विकास यात्रा से नहीं की जा सकती। वैसे भी प्रदेश में कोई विकास नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा देश भर में पार्टी के द्वारा इसका कोई प्रचार नहीं किए जाने पर भी काफी सफल रही है।

भारत जोड़ो यात्रा में लोग स्वयं आकर इस यात्रा में शामिल हुए। आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी। उन्होंने नर्मदापुरम जिले की चारों सीट जीतने का दावा भी किया। उन्होंने कहा कि इटारसी में जिस प्रकार से विकास होना चाहिए वह नहीं हुआ है। मानक अग्रवाल कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार इटारसी आए थे। मानक अग्रवाल ने कहा कि बीजेपी ने आदिवासियों को साधने की कोशिश की, इसलिए पेसा एक्ट लेकर आए। पर पेसा एक्ट को पुरानी बोतल में नई शराब भरने जैसा है। यही कारण है कि धार में नगरपालिका चुनाव में बीजेपी का सूपड़ा साफ हो गया। आदिवासी क्षेत्रों में बीजेपी चुनाव हारी है। आदिवासी कांग्रेस के साथ है। झाबुआ-अलीराजपुर और अन्य आदिवासी क्षेत्रों में आज भी इंदिरा गांधी की तस्वीर घर घर में देखी जा सकती है। मप्र में कांग्रेस सीएम तय होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह तो पार्टी हाईकमान तय करती है, हालांकि अभी तक हाईकमान से जो संकेत मिले हैं वे बता रहे हैं कि कमलनाथ जी ही कांग्रेस से प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के लिए पार्टी की पहली पसंद होंगे। श्री अग्रवाल ने कहा कि देश का बड़ा स्टेशन होने के बाबजूद इटारसी शहर का विकास नहीं हो सका। नर्मदापुरम जिले का विकास नहीं हो पाया। यहां छोटी छोटी समस्याओं से लोग जूझ रहे हैं।

स्वास्थ्य सुविधाओं, रोजगार की भारी कमी है। उन्होंने दोहराया कि इस साल होने जा रहे चुनाव में हम जिले की चारों सीटों पर मेहनत करेंगे और सभी जगह कांग्रेस जीत हासिल करेगी। गुटबाजी व स्थानीय कांग्रेस नेताओं का पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने से दुखी होकर इटारसी नगर कांग्रेस अध्यक्ष पंकज राठौर ने प्रदेश अध्यक्ष से इस्तीफे की पेशकश की है, इस सवाल के जवाब में वे बोले कि अभी वह मंजूर नहीं हुआ है। गुटबाजी छोडक़र अब कांग्रेस के सभी नेता एक मंच पर आकर पार्टी के हित में काम करेंगे। श्री अग्रवाल ने विश्राम गृह में सैंकड़ों कांग्रेस जनों से बड़ी आत्मीयता से मुलाकात की। वे शहर के करीब 30 ऐसे घरों में गए जहां विगत दिनों में किसी पारिवारिक सदस्य का निधन हुआ था। वे नपा में कांग्रेस की नेता प्रतिपक्ष श्रीमती इरशाद अहमद सिद्दीकी से मिलने माता मंदिर अस्पताल भी पहुंचे। जिनका हाल ही में एक आपरेशन हुआ है। पूरे दौरे में श्री अग्रवाल के काफिले में उनके साथ नगर अध्यक्ष पंकज राठौर,मुकेश गांधी,कैलाश नवलानी,ओम सेन,आजाद सिंह ठाकुर, पार्षद धर्मदास मिहानी, शंकरलाल मिहानी, अजय शुक्ला,लखन बेस,रवि अग्रवाल,हरीश अग्रवाल,सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेसी साथ रहे।