तो शिव-विष्णु के नेतृत्व में तैयार हो रहा 2023 का रोडमैप…

तो शिव-विष्णु के नेतृत्व में तैयार हो रहा 2023 का रोडमैप…

मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री पद पर सर्वाधिक समय तक और सर्वाधिक बार रहने के साथ ही अब शिवराज पार्टी को इक्कीसवीं सदी में 2023 में पांचवी बार सत्ता में लाने की कवायद में जुटे हैं। परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं, क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी एकतरफा घोषणा कर चुके हैं कि 2023 में उनकी‌ सरकार बनेगी और वही भावी मुख्यमंत्री हैं। यहां तक कि उन्होंने नौकरशाहों और अधिकारी-कर्मचारियों को भी कायदे में रहने की खुली चुनौती दे दी है वरना उनका सत्ता में आते ही देख लेने जैसा भाव है। कमलनाथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी हैं। तो प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा हैं। संगठन की दृष्टि से विष्णु दत्त शर्मा के अनुभव की भी भाजपा कायल है। ऐसे में महत्वपूर्ण बात यही है कि कांग्रेस को 2023 में एकतरफा मात देने के लिए चुनावी साल में सरकार और संगठन के मुखिया बतौर शिव-विष्णु के नेतृत्व में भाजपा का रोडमैप तैयार हो रहा है। यही रोडमैप पार्टी को प्रदेश में 2023 फतह की राह दिखाएगा। विष्णु जब संगठन के मुखिया बने, तब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। पर अगले ही महीने बदले हुए घटनाक्रम में प्रदेश में न केवल भाजपा की सरकार बनी थी, बल्कि शिवराज की मुख्यमंत्री बतौर चौथी पारी की‌ शुरुआत भी हुई थी। तब से यह जोड़ी प्रदेश में सभी मोर्चों पर साथ-साथ है और यह संयोग प्रबल है कि 2023 फतह करने की रणनीति भी साथ मिलकर तैयार कर रहे हैं। भाजपा की चुनावी साल की यह पहली और विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति ही प्रदेश में फिर से पार्टी की सरकार बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। कार्यसमिति की पूर्व संध्या पर मध्यप्रदेश नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा की शानदार जीत हेतु पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शिवराज सिंह चौहान, वीडी शर्मा‌ और भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को ट्वीट कर बधाई दी है। यह भी लिखा है कि यह आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में लागू हो रही कल्याणकारी नीतियों पर जनता के विश्वास की जीत है। तो इस ट्वीट के जरिए भी कहीं न कहीं केंद्रीय नेतृत्व का भरोसा शिवराज-विष्णु के प्रति भी है।
630269 mp bjp president vd sharma
तो 24 जनवरी को होने वाली भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक पर प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा का कहना है कि यह जो हमारी कार्यकारिणी की बैठक है, इसे केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक के अनुवर्तन में हम हमेशा करते हैं। इसलिए यह बैठक हमारे लिए महत्वपूर्ण है। प्रदेश कार्यसमिति बैठक में प्रदेश में निवासरत पार्टी तथा मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, राज्यसभा, लोकसभा सांसद, सभी जिलाध्यक्ष, सभी विधायक, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, स्थायी आमंत्रित सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य, जिला पंचायतों के अध्यक्ष अपेक्षित है। ऐसी ओवरआल एक वृहद कार्यकारिणी की बैठक संपन्न होगी। बैठक विशेष तौर पर ईको फ्रेंडली, प्लास्टिक मुक्त बैठक होगी। तकनीक से युक्त बैठक होगी। जितने भी कार्यकर्ता कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होंगे,उनका ई-रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।
यानि कि समझ में आ ही रहा है कि चुनावी साल की इस पहली कार्यसमिति बैठक का महत्व कितना ज्यादा है। शायद चुनावी साल की यह वृहद बैठक और इसमें शिव-विष्णु की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही कोर कमेटी की बैठक और चुनाव की दृष्टि से बनने वाली रणनीति भी महत्वपूर्ण है। कार्यसमिति में प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के साथ ही प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश सह प्रभारी रामशंकर कठेरिया, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर,वीरेन्द्र कुमार खटीक, ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते की उपस्थिति में रणनीति बनेगी। आगामी चुनाव की दृष्टि से रणनीति बनेगी,तो इसके साथ ही बूथ विस्तारक अभियान-2 को लेकर चर्चा होगी यानि कि जीत का सर्वाधिक महत्वपूर्ण शस्त्र। कार्यसमिति में वर्तमान राजनैतिक परिस्थितियों पर राजनैतिक प्रस्ताव आयेगा तथा भारत को जी-20 देशों की अध्यक्षता मिलने पर वक्तव्य जारी किया जायेगा। पेसा एक्ट सहित जनजाति कल्याण को लेकर किए जा रहे कार्यों तथा जनजागरूकता के लिए चलाई गईं गौरव यात्राओं पर भी वक्तव्य आयेगा। यानि कि समग्र दृष्टिकोण 2023 विधानसभा चुनाव के इर्द-गिर्द केंद्रित है। और शिव-विष्णु के नेतृत्व में हो रही बैठक यही संकेत दे रही है कि यह जोड़ी कमाल की है, जिसका नजरिया 2023 की रणनीति में कमाल दिखाएगा… पार्टी का भरोसा इन पर बना हुआ है।
Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।