Special Campaign Against Mining Mafia: भिंड, मुरैना श्योपुर में खनन माफिया पर शिकंजा, परिवहन विभाग की टीम ने सौ वाहन किए जब्त

33

Special Campaign Against Mining Mafia: भिंड, मुरैना श्योपुर में खनन माफिया पर शिकंजा, परिवहन विभाग की टीम ने सौ वाहन किए जब्त

परिवहन विभाग के वाहन को टक्कर मारकर भागी ट्रेक्टर-ट्राली को 4 किलोमीटर पीछा कर पकड़ा

भोपाल
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर चंबल अभ्यारण्य के आसपास और भिंड, मुरैना, श्योपुर में परिवहन विभाग द्वारा पुलिस और प्रशासन विभाग द्वारा अवैध खनिज परिवहन माफिया के खिलाफ एक सप्ताह से चलाई जा ही विशेष मुहिम में तीनों जिलों में बिना नंबर प्लेट, धुंधली नंबर प्लेट पर शहरों में दौड़ रहे वाहनों पर सख्त कार्यवाही की जा रही है।
मुरैना में सर्वाधिक 59 वाहन पकड़कर राजसात किए गए है। भिंड में ऐसे 31 और श्योपुर में ऐसे आठ वाहन पकड़े गए है। यह अभियान अगले 22 जुलाई तक जारी रहेगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुरैना जिले में अवैध खनन और परिवहन रोकने के लिए सख्त कार्यवाही की जा रही है। पिछले एक सप्ताह में ही पचास से अधिक वाहनों को राजसात किया गया है। राजस्थान और मध्यप्रदेश की बार्डर पर बने राजघाट पर चौबीस घंटे सातों दिन एसएएफ की कंपनी डिप्लाय की गई है। यहां तीन कैंप लगे हुए है। वहीं आटीओ की टीम दो पाइंटों पर लगातार जांच कर बिना नंबर प्लेट, धुंधले नबर प्लेट वाले वाहनों को पकड़कर राजसात करने की कार्यवाही कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कल जब आरटीओ की टीम जांच कर रही थी उसी समय एक बिना नंबर प्लेट की ट्रेक्टर-ट्राली जांच पाइंट से निकली उसे रोकने का प्रयास किया गया तो परिवहन विभाग की टीम के स्कार्पियों वाहन को टक्कर मारते हुए ट्रेक्टर ट्राली आगे निकली जिसका चार किलोमीटर तक पीछा कर वाहन पकड़ लिया गया है। चालक फरार हो गया है उसकी तलाश की जा ही है।

वाहन के चेचिस नंबर के आधार पर उसके मालिक की तलाश कर उसे नोटिस जारी किया जाएगा। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और वाहन राजसात कर लिया गया है।

इधर परिवहन विभाग से प्राप्त जानकारी में बताया गया है कि भिंड, मुरैना और श्योपुर जिले में परिवहन विभाग द्वारा पर्याप्त अमला तैनात कर सघन जांच की जा रही है और बिना नंबर प्लेट, धुंधली, आधी नंबर प्लेट वाले वाहनों को पकड़कर जब्त किया जा रहा है और वाहन मालिकों पर जुर्माना लगाया जा रहा है। परिवहन आयुक्त और उप परिवहन आयुक्त स्वयं परिवहन विभाग की टीम की कार्यवाही का लगातार निरीक्षण कर रहे है। मुरैना में एक इंस्टपेक्टर, दो सब इंस्पेक्टर और तीस जवान तैनात किए गए है। भिंड और श्योपुर में परिवहन विभाग के दो-दो सब इंस्पेक्टर और दस-दस जवान तैनात किए गए है। एक सप्ताह मेंं मुरैना में 59, श्योपुर में 8 और भिंड में 31 ट्रेक्टर-ट्राली और डंपर पकड़कर उन्हें जब्त करते हुए पुलिस थानों के सुपुर्द किए गए है। इन वाहनों के मालिकों को चिन्हित कर उन पर जुर्माना लगा रहे है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।