Step Well Collapse : अब तक 36 शव मिले, किसी लापता की सूचना नहीं, मजिस्ट्रीयल जांच के बिंदू तय!

दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज, जांच के बाद इसमें नए नाम शामिल होंगे!

1429

Step Well Collapse : अब तक 36 शव मिले, किसी लापता की सूचना नहीं, मजिस्ट्रीयल जांच के बिंदू तय!

VDO देखिए, क्या कर रहे हैं कमिश्नर, महापौर, कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर!

Indore : मंदिर हादसे में मृत लोगों का संस्कार किया गया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी मृतकों के शवों को कंधा दिया और अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शहर के सभी प्राकृतिक जलस्रोतों की जांच के बाद उनके अतिक्रमण हटाए जाएंगे। कमिश्नर डॉ पवन कुमार शर्मा ने बताया कि सर्च ऑपरेशन जारी है, साथ ही पूरे इलाके को सील रखा जाएगा। कलेक्टर डॉ इलैया राजा टी ने जानकारी दी कि 36 शव बरामद हुए हैं, अब किसी लापता की सूचना नहीं है। जबकि, पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर ने जानकारी दी कि दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जांच के बाद सामने आने वाले नाम भी इसमें शामिल किए जाएंगे। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने मजिस्ट्रीयल जांच की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर अभय बेड़ेकर को सौंपने की घोषणा की।

श्री बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में रामनवमी के दिन बावड़ी धसने की घटना के संबंध में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ इलैया राजा टी ने मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने इस जांच की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर अभय बेड़ेकर को सौंपी है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने जांच के बिन्दु भी तय कर लिए।

इस संबंध में जारी आदेश के अनुसार बताया गया कि यह जांच मृतकों की किन परिस्थितियों में मृत्यु हुई? उक्त घटित घटना का घटनाक्रम क्या था? उक्त घटित सम्पूर्ण घटनाक्रम में क्या परिस्थितियां थी, इसके लिए कौन जिम्मेदार है? भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इस हेतु सुझाव, अन्य कोई बिन्दु जांच के दौरान प्रकाश में आता है तो उसके संबंध में अभिमत, बिन्दुओं पर की जाएगी। उक्त घटना की जांच 15 दिन में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्राकृतिक जलस्रोतों के अतिक्रमण हटेंगे
महापौर ने कहा ये बहुत ही दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मुख्यमंत्री भी आज सुबह आए थे। सभी की संवेदनाएं हैं मृतकों के परिवार के लोगों के साथ हैं। इस मामले में जो भी दोषी अधिकारी मजिस्ट्रीयल जांच में दोषी पाए जाएंगे, उन सबके खिलाफ उचित कानूनी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह भी देखा जाएगा कि नोटिस के बाद जब कार्रवाई के आदेश दिए गए थे तो कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

महापौर ने कहा कि बावड़ी की इस घटना के अलावा भी शहर में जहां भी प्राकृतिक जल स्त्रोत पर अवैध निर्माण हुए हैं, ऐसे सभी स्थानों को चिन्हित कर उनको अतिक्रमण मुक्त करने का कार्य होगा। वे स्थान जहां घटना या दुर्घटना हो सकती है, ऐसे वाटर रिसोर्स वाले स्थानों को अभियान चलाकर अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। महापौर ने यह भी कहा कि मंदिर प्रांगण में जो पार्षद का कार्यालय भी जांच के विषय में रखा गया है, उनकी जांच की जाएगी।

सर्च ऑपरेशन बंद नहीं होगा
कमिश्नर डॉ पवन कुमार शर्मा ने मीडिया से कहा कि 36 शव निकाल लिए गए हैं। अब किसी लापता की कोई शिकायत नहीं है। 18 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया था। उनमें से 2 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया, 16 का अभी भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। कमिश्नर ने कहा कि अभी सर्च ऑपरेशन बंद नहीं किया गया है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सेना की टीमें लगातार सर्च में लगी हैं। ये ऑपरेशन अभी बंद नहीं होगा। इस पूरे इलाके को प्रशासन की निगरानी में रखा जाएगा, क्योंकि बावड़ी खुली है, इसलिए कोई रात में अंदर न आए। इसके अलावा नगर निगम की कुंआं सफाई वाली टीम को भी लगाकर पूरी बावड़ी की गाद निकाली जाएगी। हम कोई भी आशंका नहीं रहने देना चाहते।

 

अब किसी के लापता होने की सूचना नहीं
कलेक्टर डॉ इलैया राजा टी ने कहा कि लापता सुनील सोलंकी का शव भी बरामद कर लिया गया है। अब किसी लापता की सूचना हमारे पास नहीं है। कलेक्टर ने मंदिर समिति अध्यक्ष और सचिव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मैंने मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद जो भी दोषी पाया गया उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

दो पर प्रकरण दर्ज किया गया
पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर ने जानकारी दी कि कल जो हादसा हुआ था उसमें धारा 304 आईपीसी के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। संस्था के अध्यक्ष और सचिव खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। अभी दो लोगों पर कार्रवाई की गई है। मजिस्ट्रीयल जांच में जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उसके बाद उन्हें भी इसमें शामिल किया जाएगा।