सिकल सेल से प्रभावित किशोर की मौत, स्प्लीन रप्चर बना कारण; करही में एहतियातन पुलिस बल तैनात 

150 रुपए के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद

83

सिकल सेल से प्रभावित किशोर की मौत, स्प्लीन रप्चर बना कारण; करही में एहतियातन पुलिस बल तैनात 

खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के करही में 150 रुपए के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में 15 वर्षीय किशोर की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने चौंकाने वाले तथ्य सामने रखे हैं। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी द्वारा किए गए हमले के कारण किशोर का स्प्लीन रप्चर (तिल्ली फटना) हो गया था, जिससे उसकी मृत्यु हुई। साथ ही यह भी सामने आया कि मृतक सिकल सेल बीमारी से प्रभावित था, जिससे उसके लीवर और स्प्लीन पहले से कमजोर थे।

पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया कि आरोपी वेल्डिंग दुकान संचालक सानू खान( एक पैर से दिव्यांग ), को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने विवाद के दौरान किशोर के पेट में कोहनी मारी थी, जिससे अंदरूनी चोट के चलते स्प्लीन फट गया और यही मौत का कारण बना।

एसपी वर्मा ने बताया कि घटना के बाद परिजन घायल किशोर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) करही लेकर पहुंचे, जहां से उसे खरगोन रेफर किया गया। हालांकि, परिजन उसे मंडलेश्वर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से इंदौर रेफर करने की सलाह दी गई। बावजूद इसके, परिजन उसे वापस करही थाने शिकायत के लिये ले आए, जहां थाना प्रभारी ने मौके की गंभीरता को देखते हुए उन्हें पीएचसी करही पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना से आक्रोशित लोगों ने थाने का घेराव कर हत्या का मामला दर्ज करने, आरोपी की गिरफ्तारी, मुआवजा देने और आरोपी का मकान तोड़ने की मांग की। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने खरगोन, बुरहानपुर, बड़वानी और खंडवा जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। फिलहाल करही में स्थिति नियंत्रण में और शांतिपूर्ण बताई जा रही है।

IMG 20260425 WA0016

बड़वाह की एसडीओपी अर्चना रावत ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा रेड क्रॉस से मृतक के परिजनों को एक लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है। वहीं, मंडलेश्वर की एसडीएम पूर्वा मंडलोई ने बताया कि आरोपी के मकान को तोड़ने की मांग को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि मृतक गैरेज में काम करता था और उसे आरोपी से 150 रुपए लेने थे। इसी विवाद में हुए हमले के बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने आरोपी की वेल्डिंग दुकान में आग लगा दी थी। शुक्रवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में रामदड़ गांव में किशोर का अंतिम संस्कार किया गया। प्रशासन द्वारा सहायता और कार्रवाई के आश्वासन के बाद ही अंतिम संस्कार संपन्न हो सका।