पश्चिम बंगाल में कसौटी पर ‘मोदी-शाह’ और ‘ममता’ की क्षमता…

32

पश्चिम बंगाल में कसौटी पर ‘मोदी-शाह’ और ‘ममता’ की क्षमता…

कौशल किशोर चतुर्वेदी

वैसे चुनाव तो पाँच राज्यों में हुए हैं लेकिन अगर सबकी निगाहें हैं तो पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम पर ही टिकी हैं। असम में भले ही हिमंता विश्वा शर्मा बड़ी जीत लेकर फिर मुख्यमंत्री बन जाएं, तमिलनाडु में फिर डीएमके सरकार की वापसी हो जाए, केरल में जो होना हो सो हो जाए और पुडुचेरी में समुद्र किनारे कमल खिल जाए… आमजन की रुचि इन सब में कतई नहीं है। पीपुल्स को तो पश्चिम बंगाल की पल्स चाहिए। और एग्जिट पोल्स में पीपुल्स पल्स ने पश्चिम बंगाल में ममता की क्षमता पर जो भरोसा किया है, वह बता रहा है कि चौथी बार ममता सरकार पश्चिम बंगाल में सिंहासन पर बैठने को तैयार है। और अगर ममता चौथी बार लगातार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनती हैं तो आगे यूपीए की राजनीति का सबसे बड़ा चेहरा ममता में नज़र आने लगेगा। 4 मई 2026 की तारीख या तो पश्चिम बंगाल में ममता पर मतों की बौछार करेगी या फिर ममता पर अक्षमता का ठीकरा फोड़ कर मोदी-शाह की यशकीर्ति पूरी दुनिया में निर्बाध रूप से विचरण करेगी। पूरे देश दुनिया की निगाहें पश्चिम बंगाल पर हैं तो पश्चिम बंगाल की निगाहें भी फिलहाल ममता, मोदी और शाह पर टिकी हैं।

और एग्जिट पोल्स की मानें तो पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बना रही है। केवल दो सर्वे ममता दीदी को चौथी बार मुख्यमंत्री भी बना रहे हैं और भारी बहुमत मिलने की संभावना भी जता रहे हैं। बाकी सभी सर्वे मान रहे हैं कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बड़ा उलटफेर हो सकता है। राज्य के चुनाव को लेकर कई एग्जिट पोल आए हैं, जिसमें ज्यादातर सर्वे के मुताबिक बीजेपी की सरकार बनती दिख रही है तो सिर्फ एक सर्वे है, जिसने ममता बनर्जी को प्रचंड बहुमत मिलने का अनुमान जताया है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की 142 सीटों पर भी मतदान खत्म होते ही एग्जिट पोल के सर्वे आने शुरू हो गए हैं। बंगाल चुनाव को लेकर कई सर्वे एजेंसियों ने एग्जिट पोल किए हैं, जिसमें से कई सर्वे बीजेपी की सरकार बनने का अनुमान लगा रहे हैं। सिर्फ दो एग्जिट पोल है, जिसके मुताबिक ममता बनर्जी का जादू बंगाल में बरकरार है और टीएमसी की चौथी बार सरकार बनने का दावा किया है।

पीपुल्स पल्स के एग्जिट पोल के मुताबिक पश्चिम बंगाल में एक बार फिर से ममता सरकार की सत्ता में वापसी हो रही है और बीजेपी फिर से विपक्ष में बैठेगी। एग्जिट पोल के आंकड़ें देखे तो बीजेपी की सीटें बढ़ जरूर रही हैं, लेकिन बहुमत के आंकड़े से दूर है। ममता बनर्जी एक बार फिर से प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाती नजर आ रही हैं। पीपुल्स पल्स के सर्वे के अनुसार, पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों में से टीएमसी को 177 से 187 सीटें मिल सकती हैं जबकि बीजपी को 95 से 110 सीटें मिल सकती हैं। यही एक सर्वे है, जिसमें कांग्रेस को एक से 3 सीटें मिल रही हैं तो लेफ्ट को भी एक सीट मिल सकती है।

पीपुल्स पल्स के अलावा भी एक दूसरा एग्जिट पोल भी है, जिसने ममता बनर्जी की सरकार बंगाल में चौथी बार बनने का अनुमान जताया है। जनमत एग्जिट पोल्स के एग्जिट पोल के मुताबिक टीएमसी को 195 से 200 सीटें मिल सकती है तो बीजेपी को 80 से 90 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस को एक से तीन सीटें मिल सकती है तो लेफ्ट के खाते में एक सीट आ सकती है. इसके अलावा अन्य को 3 से 5 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, दूसरे एग्जिट पोल बता रहे हैं कि बंगाल में सत्ता परिवर्तन हो सकता है। एग्जिट पोल के चार में से तीन सर्वे में बीजेपी की सरकार बनती दिख रही है तो एक सर्वे में ममता बनर्जी को बढ़त दिखाई गई है।

अब ममता को बढ़त मिलती है या मोदी-शाह की सोच में पश्चिम बंगाल की जनता इंद्रधनुषी रंग भरती है। यह 4 मई को सामने आ जाएगा। लेकिन तब तक के लिए आइए हम सब अपने-अपने मुताबिक परिणाम चुनकर खुशियों में डूब जाते हैं…।

 

 

 

लेखक के बारे में –

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।

वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।