
प्रीतम लोधी के मामले में IPS एसोसिएशन आज मिलेगा सीएम से, एसोसिएशन को मिला ऑल इंडिया एसोसिएशन का समर्थन
भोपाल : शिवपुरी के पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी द्वारा करैरा एसडीओपी और उनके परिजनों पर की गई टिप्पणियों को लेकर अब मामला थमता हुआ दिखाई नहीं दे रहा है। इस मामले में आज मध्य प्रदेश आईपीएस एसोसिशन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर शिकायत करने जा रही है। एसोसिशन ने मुख्यमंत्री से मिलने का समय मांगा है। संभवत आज ही आईपीएस अफसरों की मुख्यमंत्री से मुलाकात हो सकती है।
इधर आल इंडिया आईपीएस एसोसिएशन ने भी मध्य प्रदेश आईपीएस एसोसिएशन का इस मामले में समर्थन किया है।
इधर आल इंडिया आईपीएस एसोसिएशन ने सोशल मीडिया पर लिखा कि एमपी आईपीएस एसोसिएशन के साथ हमारी एसोसिएशन खड़ी हुई है। इस तरह के व्यक्तिगत हमलों तथा अनुचित और अपमानजनक भाषा के प्रयोग की एसोसिएशन निंदा करती है। पब्लिक सर्विस में गरिमा, ईमानदारी और कानून की निष्पक्षता जरुरी है।
वहीं इस संबंध में मंगलवार को आईपीएस एसोसिएशन के अध्यक्ष एडीजी चंचल शेखर ने एक पत्र जारी किया था, जिसमें लिखा था कि पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी द्वारा करैरा एसडीओपी आयुष जाखड़ के संबंध में मीडिया में वायरल वीडियो में जिस प्रकार की अभद्र, अमर्यादित एवं धमकी भरी भाषा का प्रयोग किया गया है, वह अत्यंत निंदनीय एवं सार्वजनिक जीवन की गरिमा के विपरीत है। वीडियो में आयुष जाखड़ एवं उनके परिवार के प्रति की गई अपमानजनक टिप्पणियां तथा दी गई धमकियां अमर्यादित और अशोभनीय है। यह आचरण एक जनप्रतिनिधि के पद की मर्यादा के विपरीत है तथा इससे प्रशासनिक तंत्र एवं समस्त अधिकारियों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए लिखा कि इस प्रकार की अमर्यादित भाषा एवं धमकीपूर्ण व्यवहार किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं है और यह प्रशासनिक तंत्र की निष्पक्षता को आहत करता है। उन्होंने मांग की है कि लोधी पर कार्यवाही की जाए।





