
जनसुनवाई में अधिकारियों से बदतमीजी करने वाले दो ग्रामीणों को जेल भेजने के आदेश
खंडवा: मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई के दौरान दो ग्रामीण श्याम एवं रामनारायण कुमरावत निवासी बरूड़ द्वारा अधिकारियों के साथ बदतमीजी पूर्ण व्यवहार करने तथा महिला अधिकारियों के सामने गाली-गलौज करने पर सिटी मजिस्ट्रेट श्री बजरंग बहादुर सिंह ने दोनों ग्रामीणों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए। सिटी मजिस्ट्रेट श्री बजरंग बहादुर सिंह ने बताया कि शाम को दोनों ग्रामीणों को निजी मुचलके पर रिहा करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
अपर कलेक्टर श्री के आर बडोले ने बताया कि ग्राम बरुड के श्याम एवं रामनारायण कुमरावत द्वारा अपने खेत के रास्ते संबंधी विवाद के हल करने हेतु आवेदन दिया गया था। यह मामला न्यायालय में लंबित है। इसलिए जनसुनवाई में इस तरह के आवेदन का निराकरण नहीं किया जा सकता, ऐसा आवेदक को समझाया गया। लेकिन इसके बावजूद दोनों ग्रामीण आवेदकों द्वारा अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया गया, जिस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत उन्हें जमानत प्रस्तुत न कर पाने पर जेल भेजने की कार्रवाई की। अपर कलेक्टर श्री बडोले ने बताया कि शाम को ही दोनों ग्रामीणों को निजी मुचलके पर रिहा करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।





