MP में CM डॉ यादव 8 से 10 मई तक करेंगे विभागवार समीक्षा बैठक, कैबिनेट फेरबदल की अटकलों के बीच बनेगा मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड! 

312
Bhopal CM mohan

MP में CM डॉ यादव 8 से 10 मई तक करेंगे विभागवार समीक्षा बैठक, कैबिनेट फेरबदल की अटकलों के बीच बनेगा मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड! 

 

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 8 से 10 मई तक विभागवार समीक्षा बैठक करेंगे। इस समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री हर विभाग के ढाई साल के कामकाज की विस्तार से समीक्षा करेंगे। बताया गया है कि मंत्रियों को निर्देश दिए गए हैं कि उन्हें स्वयं को प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने विभाग का प्रदर्शन करना है। मंत्रियों को कहा गया है कि वे अपने विभाग की उपलब्धियां और भविष्य की नई रणनीति को फोकस करते हुए प्रेजेंटेशन तैयार करें। विभाग में आने वाली चुनौतियों और फीडबैक का उल्लेख भी प्रेजेंटेशन में किया जाना चाहिए और इस पर महत्वपूर्ण चर्चा भी बैठक में की जाएगी।

दरअसल इस बैठक का उद्देश्य यह है कि मुख्यमंत्री प्रत्येक मंत्री के कामकाज की समीक्षा करना चाहते हैं और इस समीक्षा के आधार पर मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड तैयार होगा जिसका असर आगे जाकर कैबिनेट फेरबदल में दिखाई भी दे सकता है।

बता दे कि पहले भी दिसंबर में इसी तरह की समीक्षा बैठक हुई थी और मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया गया था। माना जा रहा है कि इस बार अब इस काम को और भी बेहतर तरीके से पूरी गंभीरता के साथ किया जा रहा है ताकि मंत्रियों के कामकाज को देखकर यह तय किया जाएगा कि वे कैबिनेट में रहेंगे या नहीं।

बता दे की मध्य प्रदेश में निगम मंडल में नियुक्तियों के बाद अब मंत्रिमंडल में फेरबदल और विस्तार की चर्चाएं सियासी और प्रशासनिक गलियारों में तेजी से चल रही है। मुख्यमंत्री द्वारा ली जा रही इन समीक्षा बैठकों से इन अटकलों को और बल मिल गया है। वर्तमान में मंत्रिमंडल में 4 पद अभी भी खाली हैं। सूत्रों की बातों पर अगर भरोसा किया जाए तो समीक्षा बैठकों में जिन विभागों का कामकाज फिसड्डी पाया जाएगा, उन विभागों के मंत्रियों पर गाज गिर सकती है।