
गांव की बेटी, प्रतिभा किरण योजना में अब आवेदन कर सकेंगी बेटियां, स्कॉलरशिप पोर्टल 15 मई तक खोला
भोपाल: प्रदेश में गांव की बेटी और प्रतिभा किरण योजना के लिए पात्र बेटियां अब इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकेंगी।
उच्च शिक्षा विभाग ने इसके लिए स्कॉलरशिप पोर्टल फिर खोल दिया है इसमें नवीन एवं नवीनीकरण के लिए आवेदन करने से शेष बेटियां अब आवेदन कर सकेंगी।
उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों और सभी शासकीय, अशासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यो को इस संबंध में निर्देश जारी किए है कि गांव की बेटी योजना और प्रतिभा किरण योजना में नवीन एवं नवीनीकरण हेतु आवेदन करने के लिए अब स्कॉलरशिप पोर्टल 15 मई 2026 तक खोला गया है।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए इन दोनो योजनाओं का लाभ पाने से वंचित रह गई छात्राएं फिर आवेदन कर सकेंगी। इस सत्र में आवेदन करने हेतु पोर्टल पर दर्शित आवेदनों का सत्यापन और भुगतान की कार्यवाही करने के निर्देश सभी कुलसचिव और प्राचार्यो को दिए गए है।
उच्च शिक्षा विभाग ने यह भी कहा है कि कोई पात्र छात्रा इन योजनाओं में लाभ प्राप्त करने से वंचित रहती है तो संस्था प्रमुख इसके लिए उत्तरदायी होंगे।
*यह है गांव की बेटी योजना-*
प्रदेश में गांव की बेटी योजना ग्रामीण क्षेत्रों की मेधावी छात्राओं को बारहवी कक्षा के बाद उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने शुरु की गई है। इस योजना में ग्रामीण क्षेत्रो में रहने वाली और गांव के स्कूलों में बारहवी कक्षा में साठ प्रतिशत अधिक अंक लाने वाली छात्राओं को दस माह तक स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए पांच सौ रुपए प्रतिमाह मदद मिलती है। तकनीकी शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा के लिए इस योजना के तहत 750 रुपए प्रतिमाह मदद मिलती है।
यह है प्रतिभा किरण योजना-
मध्यप्रदेश सरकार द्वारा शहरी क्षेत्र की गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाली छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने यह योजना शुरु की गई है। इसमें बारहवी कक्षा में साठ प्रतिशत या अधिक अंक पाने वाली छात्राओं को प्रतिवर्ष पांच हजार रुपए की छात्रवृति दी जाती है।





