

Weather Update: MP में कल से 3 दिन तापमान में वृद्धि, बादल छाएंगे,10 फरवरी से गर्मी की आहट
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
मध्य प्रदेश में रविवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री चल रहा, जबकि अधिकतम 29 डिग्री। आज रात से दक्षिण दिशा से बादलों की श्रृंखला मध्य प्रदेश से होकर गुजरेगी, इसलिए तापमान में एकदम से वृद्धि होगी। अधिकतम तापमान 4 डिग्री और न्यूनतम तापमान भी 4 डिग्री बढ़ जाएगा।
5 फरवरी से बादलों के छंटने से एक बार फिर ठंड का एहसास महसूस किया जा सकेगा, जब पश्चिम दिशा से हवाओं का रुख मध्य प्रदेश की ओर होगा।
ग्वालियर में 5 फरवरी के बाद अधिकतम तापमान में हल्की वृद्धि होगी लेकिन न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आएगी जो अगले दो-तीन दिनों में 8 डिग्री तक जा सकता है। जबकि भोपाल में न्यूनतम तापमान तीसरे दिन से 11 डिग्री तक जाएगा। मध्य प्रदेश में 10 फरवरी से गर्मी की आहट शुरू हो जाएगी जब अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तक जाएगा।
उत्तर भारत की बात करें तो कश्मीर में 4 फरवरी से बादलों की घुसपैठ होगी जो पश्चिमी विक्षोभ के चलते घने बादल छाने लगेंगे। 8, 9 फरवरी से बारिश और बर्फबारी की स्थिति शुरू हो जाएगी। लद्दाख में भी मौसम तेजी से करवट लेगा। 4 फरवरी के बाद बर्फबारी होगी जो 8-9 फरवरी से लगातार होने लगेगी। आने वाले दिनों में लद्दाख में न्यूनतम तापमान -22 डिग्री तक जा सकता है। हिमाचल प्रदेश में ठंडक बनी रहेगी। शिमला में न्यूनतम तापमान 3/4 तो अधिकतम 12 डिग्री तक जा सकता है।