आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लिए क्या लक्ष्य रखे,, बजट के लिए वित्त ने विभागों से 15 जनवरी तक मांगी जानकारी

755

भोपाल: वित्त विभाग ने सभी विभागों से पूछा है कि आत्मनिर्भर भारत के कार्यक्रमों के परिप्रेक्ष्य में आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लिए विभाग ने किन योजनाओं और कार्यक्रमों का संचालन किया है और उनमें क्या लक्ष्य रखे गए थे तथा उपलब्धियां हांसिल हुई है।

संचालक बजट आइरिन सिंथिया ने सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिवों को पत्र लिखकर 15 जनवरी तक यह जानकारी देने को कहा है। इस जानकारी को वित्त मंत्री के बजट भाषण में समाहित किया जाएगा। इसी तरह वित्त विभाग ने यह भी विभागों से पूछा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुरुप देश की अर्थव्यवस्था को वर्ष 2025 तक पांच ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विभाग द्वारा क्या कदम उठाए जा रहे है।

इसके लिए क्या लक्ष्य तय किए गए और क्या उपलब्धि रही इसकी जानकारी भी मांगी गई है। इसके अलावा विभागों की अन्य महत्वपूर्ण योजनाएं क्या है। किस तरह के कार्यक्रमों का संचालन विभाग कर रहे है। इनमें क्या लक्ष्य और क्या उपलब्धियां रही है। यह भी पूछा गया है। आगामी विधानसभा सत्र के वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए प्रदेश का बजट प्रस्तुत किया जाना है इसमें वित्त मंत्री द्वारा बजट प्रस्तुति के समय बजट भाषण में प्रदेश सरकार के कार्यक्रम और योजनाओं का उल्लेख किया जाएगा।