Who will be the Next CS of Rajsthan: दौड़ में हैं 4 IAS अफसरों के नाम, 1989 बैच की IAS शुभ्रा सिंह का नाम सबसे आगे

1017

Who will be the Next CS of Rajsthan: दौड़ में हैं 4 IAS अफसरों के नाम, 1989 बैच की IAS शुभ्रा सिंह का नाम सबसे आगे

जयपुर: राजस्थान सरकार की मुख्य सचिव उषा शर्मा 3 दिन बाद यानी 30 जून को रिटायर हो रही हैं। माना जा रहा है कि अब उषा शर्मा (Usha Sharma IAS) का एक्सटेंशन होने की संभावना नहीं है क्योंकि सरकार ने उनका प्रस्ताव अभी तक भेजा ही नहीं है। इसी बीच पता चला है कि 4 सीनियर IAS अफसर इस दौड़ में शामिल हैं।

वरिष्ठता के मान से अगर देखा जाए तो 1987 बैच की IAS अफसर वीनू गुप्ता सबसे आगे हैं। वे वर्तमान में उद्योग और वाणिज्य विभाग की अपर मुख्य सचिव हैं। वीनू गुप्ता के पति डीबी गुप्ता रिटायर्ड IAS अधिकारी हैं और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सलाहकार हैं। प्रशासनिक गलियारों में यह चर्चा है कि मुख्यमंत्री वीनू गुप्ता को शायद ही मुख्य सचिव बनाएं क्योंकि उनके पति पहले से ही मुख्यमंत्री के सलाहकार है। जानकार मानते हैं कि इस बात को लेकर यह माना जा रहा है कि ऐसे में ब्यूरोक्रेसी में अच्छा मैसेज नहीं जाएगा।

शुभ्रा सिंह दौड़ में आगे क्यों?

वर्तमान मुख्य सचिव उषा शर्मा के बाद टॉप 8 सीनियर आईएएस अफसरों में वीनू गुप्ता, सुबोध अग्रवाल, वी श्रीनिवास, शुभ्रा सिंह, राजेश्वर सिंह, रोहित कुमार सिंह, संजय मल्होत्रा और सुधांश पंत हैं। इन 8 अफसरों में से 4 अफसर वी. श्रीनिवास, रोहित कुमार सिंह, संजय मल्होत्रा और सुधांश पंत प्रतिनियुक्ति के तहत केन्द्र सरकार में सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में ये 4 अफसर मुख्य सचिव की दौड़ से बाहर माने जा रहे हैं। इनके बाद 4 नाम वीनू गुप्ता, सुबोध अग्रवाल, शुभ्रा सिंह और राजेश्वर सिंह बचते हैं।

माना यही जा रहा था कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सीनियरटी को लांघकर किसी अन्य अफसर को मुख्य सचिव नहीं बनाएंगे लेकिन इस बीच शुभ्रा सिंह का नाम अचानक चर्चा में आया है क्योंकि वे लम्बे समय से प्रतिनियुक्ति पर केन्द्र सरकार में सेवाएं दे रही थी। एक महीने पहले ही उनका ट्रांसफर राजस्थान कैडर में हो गया है। मुख्य सचिव की खोज के दौरान शुभ्रा सिंह का राजस्थान आना नए समीकरण का संकेत दे रहा है।