![govind-singh](https://mediawala.in/wp-content/uploads/2022/02/govind-singh.jpg)
![govind-singh](https://mediawala.in/wp-content/uploads/2022/02/govind-singh.jpg)
Request to Include Collector in BJP : नेता प्रतिपक्ष ने कहा ‘पन्ना कलेक्टर को BJP में शामिल कर लें!’
Bhopal : प्रदेश सरकार की ‘विकास यात्रा’ के दौरान पन्ना कलेक्टर श्री संजय कुमार मिश्रा ने संबोधन के दौरान कथित तौर पर भाजपा का प्रचार किया था। उनके इस बयान का वीडियो काफी सुर्ख़ियों में रहा। कांग्रेस ने कलेक्टर के इस बयान पर आपत्ति भी ली थी। अब मध्यप्रदेश के नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने चुटकी लेते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखकर पन्ना कलेक्टर को भाजपा संगठन में शामिल करने का अनुरोध किया है।
नेता प्रतिपक्ष ने लिखा कि विभिन्न टीवी चैनलों एवं समाचार पत्रों में प्रकाशित पन्ना कलेक्टर श्री संजय कुमार मिश्रा के बयान की और आपका ध्यान दिलाना चाहता हूं जिसमें उन्होंने विकास यात्रा के दौरान भाजपा की सरकार 25 वर्ष तक बनी रहने और लोगों से इसी सरकार में विश्वास रखने का आग्रह किया है। उनके बयान की निपुणता यह बता रही है, कि वे किसी भाजपा कार्यकर्ता के बजाए भाजपा संगठन का कार्य बेहतर तरीके से कर सकते हैं। लिहाजा आप से अनुरोध है कि पन्ना कलेक्टर श्री संजय कुमार मिश्रा को भाजपा की सदस्यता दिलाई जाए। उनके कार्यकाल के दौरान पन्ना जिले में उनके कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी का अस्थाई कार्यालय खुलवाने का कष्ट करें।
कब , कहां क्या कहा पन्ना कलेक्टर ने
‘विकास यात्रा’ के दौरान अमानगंज में पन्ना कलेक्टर संजय कुमार मिश्रा का कहना था ‘माननीय मोदी जी कहते हैं कि आजादी का अमृतकाल चल रहा है। शताब्दी 25 साल बाद मनाई जाएगी। हमारे प्रधानमंत्री जी का सपना है कि जब शताब्दी मने तब भी यही सरकार रहे। आपको अगले 25 साल तक इसी मेहनत से इस सरकार के साथ बने रहना है। किसी के भटकाने में आने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है।’ उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री कहते हैं कि जनता के आशीर्वाद से चौथी बार भाजपा की सरकार प्रदेश में बनी है।