Vikas Yatra : विकास यात्रा में मंच पर डांस के बाद, सपेरा नृत्य, गधे और घोड़े भी!

बीजेपी MLA का नचनियों के साथ डांस, गले में कोबरा सांप लपेटकर बीन बजाई!

459

Vikas Yatra : विकास यात्रा में मंच पर डांस के बाद, सपेरा नृत्य, गधे और घोड़े भी!

Bhopal : भाजपा सरकार की विकास यात्रा में वो सब हो रहा है, जो तय नहीं था। कहीं मंच पर नचनियों का डांस हो रहा है, कहीं विधायक भी नाचनेवालियों के साथ ठुमके लगा रहे हैं तो कहीं विधायक गले में सांप लटकाकर बीन बजाते मस्ती में चूर हैं।
निवाड़ी जिले में विकास यात्रा नर्तकियों से गुलजार है। यहां भीड़ जुटाने के लिए राई नर्तकियों को बुलाया गया। पृथ्वीपुर और निवाड़ी विधानसभा क्षेत्र में इन्होने बुंदेलखंडी लोकगीतों पर मंच पर प्रस्तुतियां दी। फिल्मी गानों पर जमकर ठुमके लगाए। इस पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। विकास यात्रा के एक वीडियो में पृथ्वीपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष हरबू बाई कुशवाहा के पति मुकुंदी कुशवाहा का मंच पर राई नृत्यांगना के साथ डांस का वीडियो भी जमकर वायरल हो रहा है। यह वीडियो विकास यात्रा के दौरान नायाखेरा भोपालपुरा का है।
कांग्रेस ने कहा कि निवाड़ी जिले में कई घोटाले हुए। अब वो विकास यात्रा निकालकर क्या साबित करना चाहते हैं। विकास यात्रा में भीड़ नहीं जुड़ रही है तो भाजपा के नेताओं ने बार बालाओं को बुलाकर अश्लील डांस करवाकर जनता को लुभाने का प्रयास किया जा रहा है। यह भारतीय जनता पार्टी की सच्चाई है जिसे पूरी जनता जान चुकी है।

गले में सांप लटका कर झूमे
सादगी को लेकर चर्चा में रहने वाले रीवा जिले के त्योंथर से भाजपा विधायक श्यामलाल द्विवेदी भी चर्चा में है। त्योंथर में आयोजित विकास यात्रा के दौरान भाजपा विधायक श्यामलाल द्विवेदी ने अपने गले में नाग डालकर बीन बजाते हुए नजर आए। भाजपा विधायक के सपेरा बनने का वीडियो अब सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है तो कुछ लोग इसे चुनावी स्टंट भी बता रहे हैं। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। भाजपा सरकार की विकास यात्रा के दौरान अलग-अलग तस्वीरें सामने आ रही हैं।

IMG 20230214 WA0042

त्योंथर विधानसभा में आयोजित विकास यात्रा कार्यक्रम में भाजपा विधायक श्यामलाल द्विवेदी शामिल हुए। विकास यात्रा के दौरान उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार के द्वारा कराए गए विकास कार्यों का बखान किया। तभी अचानक कार्यक्रम में एक सपेरा भी पहुंच गया। इस दौरान सपेरा भाजपा विधायक श्यामलाल द्विवेदी से मिला। इसके बाद विधायक सांप को गले में डालकर बीन बजाने लगे। इस दौरान जनता भी उनके सामने मौजूद रही और जनता ने दृश्य का आनंद भी लिया।

गधे-घोड़े भी चर्चा
नाच और नाग से पहले विकास यात्रा की दो तस्वीरें सामने आई थी। जिसकी भी काफी चर्चा हुई। छतरपुर में एक व्यक्ति भाजपा सरकार की विकास यात्रा का विरोध गधे पर बैठकर कर रहा था। वहीं दूसरी तस्वीर रायसेन से सामने आई, जहां भाजपा से पूर्व विधायक घोड़े पर सवार होकर विकास यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंचे।