Lokayukta Raid : स्टोर कीपर के यहां लोकायुक्त का छापा, करोड़ों की संपत्ति का पता चला!

789

Lokayukta Raid : स्टोर कीपर के यहां लोकायुक्त का छापा, करोड़ों की संपत्ति का पता चला!

 

सोना-चांदी और हीरे के जेवरात के साथ 21 लाख कैश मिले! 

 

 Bhopal : राजगढ़ अस्पताल के पूर्व स्टोर कीपर अशफाक अली के भोपाल की ग्रीन वैली कॉलोनी व विदिशा जिले के लटेरी स्थित मकानों पर भोपाल लोकायुक्त ने छापे की कार्रवाई की। यहां करीब 10 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति मिलने की जानकारी मिली। अशफ़ाक़ अली की अचल संपत्तियों के बारे में जानकारी इकट्ठा की जा रही है। उसके यहां से 500 और 1000 के पुराने बंद हो चुके नोट मिलने की भी जानकारी है।

अशफाक अली के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिलने पर एक माह की जांच के बाद कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। एसपी लोकायुक्त मनु व्यास ने बताया कि लटेरी (विदिशा) निवासी अशफाक अली जिला चिकित्सालय राजगढ़ में स्टोर कीपर था।

WhatsApp Image 2023 08 09 at 10.31.37 AM

उनके पुत्र जीशान अली, शारिक अली, पुत्री हिना कौसर और पत्नी रशीदा बी के नाम पर 16 अचल संपत्तियों के क्रय संबंधी अभिलेख मिले हैं। अन्य 50 से भी ज्यादा अचल संपत्तियों के संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है। भोपाल में चार हजार वर्गफीट में बने मकान में सर्च के दौरान 21 लाख रुपए नकद मिले,  जिसकी गिनती नोट गिनने की मशीन से की गई।

 

थैलों में ठूंस-ठूंसकर नोट मिले। एक हजार और 500 के पुराने नोट भी मिले जो बंद हो चुके हैं। एसपी ने बताया कि 45 लाख की कीमत के सोना-चांदी के जेवरात के अलावा हीरे, एंटीक क्राकरी, एक फरसा, घड़ियां और घरेलू उपयोग के कीमती सामान भी मिले हैं।

WhatsApp Image 2023 08 09 at 10.31.38 AM

आलीशान मकान की भी जानकारी
छापे के दौरान लटेरी में चार भवन मिले हैं, जिसमें एक 14 हजार वर्गफीट का निर्माणाधीन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तथा लगभग एक एकड़ जमीन पर करीब 2500 वर्ग फीट का आलीशान मकान बनाए जाने की जानकारी मिली। लटेरी में एक तीन मंजिला भवन भी बनवाया गया है। इसमें निजी स्कूल किराए पर संचालित किया जा रहा है। संपत्तियों के और बेहतर मूल्यांकन के लिए भोपाल विकास प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों को भी बुलाया गया है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि स्टोर कीपर रहते हुए अशफाक ने यह संपत्ति कैसे कमाई!