भाजपा के चुनाव कार्यालय का शुभारंभ : काश्यप बोले,विकास के कार्यो को मैं अकेला नहीं,पार्टी के हजारों कार्यकर्ता बोलेंगे

764

भाजपा के चुनाव कार्यालय का शुभारंभ : काश्यप बोले,विकास के कार्यो को मैं अकेला नहीं,पार्टी के हजारों कार्यकर्ता बोलेंगे

 

 

Ratlam : भाजपा के रतलाम शहर विधानसभा चुनाव कार्यालय के शुभारंभ समारोह ने कार्यकर्ताओं में विधानसभा चुनाव के लिए नया जोश भर दिया हैं। सांसद गुमानसिंह डामोर, जिला प्रभारी प्रदीप पाण्डेय,जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा,जिला संयोजक बजरंग पुरोहित, महापौर प्रहलाद पटेल एवं निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा की उपस्थिति में विधायक एवं भाजपा के विधानसभा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप ने फीता काटकर दीप प्रज्जवलित किया,फिर समारोह में कहा कि मैं भाषण देने वाला व्यक्ति नहीं हूं अपितु काम करने वाला व्यक्ति हूं।

 

विधायक के रूप में 10 सालों में जो काम किए है, वे मैं अकेला नहीं,अपितु पार्टी के हजारों कार्यकर्ता बोलेंगे।समारोह से पहले विधि विधान से पूजा अर्चना कर कार्यालय का शुभारंभ किया गया। कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर ऐतिहासिक जीत का संकल्प लिया।

IMG 20231024 WA0454

चुनाव कार्यालय शुभारंभ में बड़ी संख्या में पार्टी, मोर्चा,प्रकोष्ठ के प्रदेश, जिला,मण्डल पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहें।इन्हें संबोधित करते हुए विधानसभा प्रत्याशी काश्यप ने कहा कि चुनाव में भाजपा की जीत का लक्ष्य 56 हजार का रखा है,लेकिन कार्यकर्ता एक लाख से अधिक की जीत का विश्वास जता रहें हैं। दृष्टि बड़ी हो,सोच भी बड़ी हो,तो बड़े संकल्प लेकर कार्य करना चाहिए।उन्हें विश्वास है कि कार्यकर्ताओं के उत्साह एवं मेहनत से भाजपा इस चुनाव में नया इतिहास लिखेगी।जिले की पांचो सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी।

 

 

मौके पर सांसद डामोर ने कहा कि लोकसभा से पहले हो रहें विधानसभा के चुनाव बहुत महत्वपूर्ण हैं।इनसे मध्यप्रदेश ही नहीं अपितु देश के लिए भी दिशा तय होगी।

 

जिला प्रभारी प्रदीप पाण्डेय ने कार्यकर्ताओं में जोश का संचार करते हुए भाजपा प्रत्याशी काश्यप एवं उपस्थित अतिथियों को विजय तिलक लगाया और कहा कि रतलाम के भाजपा प्रत्याशी राजनीतिक से अधिक सामाजिक कार्यकर्ता है। समाज के लिए जब भी कोई कार्य करता है,तो उसके साथ अदृश्य आशीर्वाद काम करता हैं।

 

जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह लुनेरा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में विरोधी प्रत्याशी झूठ बोलने में माहिर है। भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत से उसकी फिर जमानत जब्त हो जाएगी।

 

आरडीए अध्यक्ष अशोक पोरवाल ने कहा कि कांग्रेस के पास न नीति है,न नियत है।इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी काश्यप एक लाख से अधिक मतों से जीत दर्ज करें।

 

महापौर प्रहलाद पटेल ने भी विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड जीत दर्ज करने का विश्वास जताया।उन्होंने कहा कि शहर में सिर्फ काम बोलता है और वह विधायक काश्यप ने ही किया है।

 

आरंभ में विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल ने स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर 10 सालों के दौरान शहर में हुए विकास कार्यों पर केन्द्रित शॉर्ट फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।

 

इसमें विधायक चेतन्य काश्यप द्वारा 10 साल में किए गए विकास कार्यों के साथ सेवा,आध्यात्म और खेल, शिक्षा के कार्यों पर प्रकाश डाला गया। कोरोना काल में मेडिकल कॉलेज के माध्यम से मानवता की सेवा,मेगा इंडस्ट्रीयल पार्क से औद्योगिक विकास, झुग्गी मुक्त रतलाम,अवैध एवं अविकसित कॉलोनी के नियमितिकरण, हर घर नल, हर दिन जल, गोल्ड कॉम्प्लेक्स, ट्रांसपोर्ट नगर, कुपोषण मुक्त रतलाम, ऑडिटोरियम, अमृत सागर तालाब, सुगम सड़कों के निर्माण के साथ ऐतिहासिक धरोहर महलवाड़ा आदि के कार्यों की सभी ने सराहना की।

 

कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा ने किया। आभार कार्यालय प्रभारी महेन्द्र नाहर ने माना।