भाजपा को बड़ा झटका:भाजपा नेता साध्वी अनादि सरस्वती कांग्रेस में हुई शामिल

कांग्रेस में भी भगदड़ कई नेता भाजपा में हुए शामिल

553

भाजपा को बड़ा झटका:भाजपा नेता साध्वी अनादि सरस्वती कांग्रेस में हुई शामिल

गोपेंद्र नाथ भट्ट की रिपोर्ट

जयपुर: भाजपा की नेता साध्वी अनादि सरस्वती गुरुवार को अपने समर्थक कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस में शामिल हो गई।

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा,मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहन प्रकाश ने उन्हें जयपुर कांग्रेस मुख्यालय पर कांग्रेस में शामिल कराया।

साध्वी अनादि सरस्वती मूल रूप से सिंधी है और लोहगल रोड में उनका आश्रम है। उनका असली नाम ममता कालानी है।

साध्वी अनादि सरस्वती ने 1 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र भेज कर भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। वे अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का टिकट नहीं मिलने से नाराज थी।

चर्चा है कि साध्वी अनादि सरस्वती को भाजपा के तीन बार से लगातार चुनाव जीतने वाले विधायक और पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी के खिलाफ चुनाव लड़ाया जाएगा। वासुदेव देवनानी इस बार अजमेर उत्तर में भाजपा कार्यकर्ताओं का भारी विरोध का सामना कर रहें है।

साध्वी अनादि सरस्वती से पहले राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ममता शर्मा और देश की सबसे बड़ी मार्बल मंडी माने जाने वाली अजमेर के किशनगढ़ के भाजपा नेता विकास चौधरी तथा अन्य नेता भी भाजपा छोड़ कर कांग्रेस में शामिल हुए है।

इधर कांग्रेस और अन्य दलों से इस्तीफ़ा देकर कई नेताओं का भाजपा में भी शामिल होने का सिलसिला जारी है। इस बार काफी पूर्व प्रशासनिक अधिकारी भाजपा में शामिल हुए है और पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुभाष महरियाँ सहित अन्य नेता कांग्रेस छोड़ पुनः भाजपा में आ गए है। इसके अलावा ब्राह्मण नेता सुरेश मिश्रा भी पिछलें दिनों कांग्रेस से भाजपा में आ गए है।