CM दिल्ली में अमित शाह से मिले, मंत्रियों के विभागों पर लगी मुहर, रात तक हो सकती है घोषणा!

1635

CM दिल्ली में अमित शाह से मिले, मंत्रियों के विभागों पर लगी मुहर, रात तक हो सकती है घोषणा!

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव कल रात से दिल्ली में है। उनकी आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात हुई है। बताया गया है कि करीब 1 घंटे की इस मुलाकात में पिछले 5 दिन से रुके हुए मंत्रियों के विभागों को अंतिम रूप दे दिया गया है।

माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री आज शाम तक दिल्ली से वापस भोपाल पहुंच जाएंगे और आज रात तक सभी मंत्रियों के विभागों की अधिकृत घोषणा कर दी जाएगी।

बता दे कि डॉक्टर मोहन यादव मंत्रिमंडल के 28 मंत्रियों ने 25 दिसंबर को शपथ ली थी। इसके पहले दो उपमुख्यमंत्री भी शपथ ले चुके हैं लेकिन इन सभी 30 को विभागों का वितरण अभी तक नहीं हो पाया है। मंत्रिमंडल के गठन होने के बाद से ही विभागों के बटवारा को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही है।

इसी बीच कल रात मुख्यमंत्री का अचानक दिल्ली दौरा तय हुआ।
बताते हैं कि दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा से करीब सवा घंटे उनके घर पर अकेले में चर्चा की। इस चर्चा को भी मंत्रियों के विभाग बंटवारे से जोड़कर देखा जा रहा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सबसे ज्यादा मशक्कत इस पर हो रही है कि हैवीवेट मंत्रियों को कौन-कौन से विभाग दिए जाएं। डॉक्टर यादव मंत्रिमंडल में कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल और राकेश सिंह जैसे हैवीवेट नेता हैं। वहीं दूसरी ओर ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक मंत्रियों तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत जैसे नेताओं के विभाग वितरण को लेकर भी मशक्कत की जा रही है। उप मुख्यमंत्री के रूप में जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला को भी महत्वपूर्ण विभाग मिलने की चर्चा है।