Sangh People in Ministes Staff : मंत्रियों के निजी स्टाफ में संघ के लोगों को शामिल करने की तैयारी!

मंत्रियों के स्टाफ की तैनाती को लेकर फॉर्मूला बनाया, दागी अफसरों को एंट्री नहीं!

976

Sangh People in Ministes Staff : मंत्रियों के निजी स्टाफ में संघ के लोगों को शामिल करने की तैयारी!

Bhopal : मंत्रियों को विभागों के बंटवारे के बाद अब उनके निजी स्टाफ में शामिल होने के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों ने परिक्रमा शुरू कर दी। इनमें मंत्रियों के यहां अरसे से जमे रहने वाले विशेष सहायक, ओएसडी, निज सचिव और सहायक शामिल हैं। लेकिन, उन्हें पता होने पर निराशा हुई होगी कि सत्ता और संगठन ने इस बार मंत्रियों के स्टाफ में अधिकारियों और कर्मचारियों की पदस्थापना को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्णय लिया है। सरकार के नए मंत्रियों के पास अब दागी अधिकारियों को एंट्री नहीं मिलेगी, उनके स्थान पर नए और युवा अधिकारी-कर्मचारियों को पदस्थ किया जाएगा।

इसके अलावा संघ से जुड़े कार्यकर्ताओं को भी मंत्रियों के स्टाफ में शामिल करने की तैयारी की जा रही है। प्रदेश सरकार के मंत्रियों के निजी स्टाफ में अब संघ की सलाह पर ओएसडी, निजी सचिव, निज सहायक सहित दूसरे पदों पर ऐसे अधिकारी कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी, जो युवा, प्रशासनिक अनुभवी होंगे। उन पर किसी भी तरह से दागी अधिकारी कर्मचारियों को मंत्रियों की निजी स्थापना में पदस्थ नहीं किया जाएगा। इसके अलावा गैर अधिकारी कर्मचारी स्टाप में संघ की विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता मिलेगी। जब पुराने और घुसपैठ करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की भनक लगी तो पार्टी ने भी नजर रखना शुरू कर दिया।

मंत्रियों के स्टाफ की तैनाती को लेकर फॉर्मूला
सत्ता और संगठन ने मंत्रियों के स्टाफ की तैनाती को लेकर फॉर्मूला बना लिया है। इसके तहत नए मंत्रियों के यहां भाजपा की विचारधारा और संघ के पृष्ठभूमि के नेताओं को महत्व दिया जाएगा। मंत्रियों के अधीन निजी स्टाफ के लिए विशेष सहायक, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी), निज सचिव और निज सहायक (ग्रेड दो और तीन) के पदों पर नियुक्तियां होती हैं। विशेष सहायक प्रथम श्रेणी अफसर होते हैं। इसके नीचे के पदों पर ग्रेड दो और तीन के कर्मचारियों को पदस्थ किया जाता है। बताया जाता है कि पिछली सरकार में मंत्रियों के बंगलों पर तैनात रहे अफसर- बाबू नई सरकार के मंत्रियों के यहां दोबारा तैनाती के लिए बायोडाटा लिए घूम रहे हैं।

संघ पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों की नियुक्ति
चुनाव से पहले कई मंत्रियों के स्टाफ को लेकर दिल्ली तक शिकायत पहुंची है। मुख्यमंत्री बनने के बाद डॉ मोहन यादव जब दिल्ली गए, तो उन्हें पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने मंत्रियों के स्टाफ में भ्रष्ट पृष्ठभूमि वाले अधिकारियों और कर्मचारियों से दूर रहने की सलाह दी थी। भोपाल आने के बाद मुख्यमंत्री ने सामान्य प्रशासन विभाग को मंत्रियों के स्टाफ में नियुक्ति करते वक्त सजग रहने को कहा था। जानकारों के मुताबिक मुख्यमंत्री कार्यालय में भी संघ पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों की नियुक्ति की जाएगी। इस क्रम में संघ की तरफ से लोकेश शर्मा को सीएम ऑफिस में नियुक्त की जाने की खबर है। इनके अलावा दो से तीन अधिकारियों की भी जल्द नियुक्ति की जाएगी।

संगठन पदाधिकारी हर मंत्री के साथ
यह भी पता चला कि हर मंत्री के साथ संगठन भी एक पदाधिकारी की नियुक्ति करने जा रहा है। इसकी सूची भी संघ के साथ मिलकर तैयार की जा रही है। इसमें अखिल विद्यार्थी परिषद के अलावा कई अनुषांगिक संगठन के भी वरिष्ठ पदाधिकारियों को मौका मिलेगा। सूत्र बताते हैं कि मंत्रियों के साथ रहने वाले पदाधिकारियों की नियुक्ति जनवरी में हो जाएगी। जिन मंत्रियों के पास विभाग अधिक होंगे वहां दो लोगों की भी नियुक्ति की जा सकती है।