इस बार पहले से भी अधिक कांग्रेस मय हो रही है भाजपा

319

इस बार पहले से भी अधिक कांग्रेस मय हो रही है भाजपा

गोपेन्द्र नाथ भट्ट का राजनीतिक विश्लेषण 

राजस्थान की भजन लाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार आगामी ग्यारह मार्च को अयोध्या में श्री राम लल्ला के दरबार में हाजरी भरेंगी। मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सभी मंत्री अयोध्या में राम लला के दर्शन करेंगे।

इसी मध्य इस बार पहले से भी अधिक पूरी भाजपा कांग्रेस मय हो रही है। असम के मुख्यमंत्री और मध्य प्रदेश के सिंधिया परिवार के वारिस के भाजपा में शामिल होने के बाद से यह सिलसिला दिन प्रति दिन बढ़ता ही जा रहा है और ख़बर है कि राजस्थान में इस बार लोकसभा चुनाव से पहले अशोक गहलोत और सचिन पायलट के खासम खास भी भाजपा की ओर रुख कर रहे हैं। दक्षिणी राजस्थान के आदिवासी नेता महेन्द्र जीत मालविया और दिग्गज जाट नेता स्वर्गीय नाथुराम मिर्धा की पौती ज्योति मिर्धा को लोकसभा टिकट मिलने के बाद कांग्रेस के कई अन्य नेता भी लोकसभा टिकट मिलने की उम्मीद में भाजपा की ओर जा रहे है और एक प्रकार से कांग्रेस नेताओं में भाजपा में मिलने की होड़ सी मच गई है । बताते है कि कांग्रेस के और कई बड़े नेता भाजपा में मिलने की कतार में खड़े है और लोकसभा चुनाव निकट आते आते और भी कई बड़े नेताओं के भाजपा की ओर रुख करने की खबरें आ रही है।

 

भाजपा में शामिल होने वाले कांग्रेस नेताओं में अशोक गहलोत की मंत्रिपरिषद में शामिल कृषि मंत्री लाल चंद कटारिया और उनके समर्थकों के नाम प्रमुखता से लिए जा रहे है। बताया जा रहा है कि भाजपा जाट नेता लाल चंद कटारिया को जयपुर ग्रामीण से उम्मीदवार बना सकती है। इस प्रकार लोकसभा चुनाव 2024 से पहले भाजपा राजस्थान में कांग्रेस में बड़ी सेंध लगाने जा रही है। कांग्रेस के कई पूर्व विधायक, मंत्री भाजपा में शामिल होने वाले हैं। बताते है रविवार 10 मार्च को इन सभी नेताओं को भाजपा में शामिल कराया जाएगा। लालचंद कटारिया के साथ ही, पूर्व गृह राज्य मंत्री राजेंद्र यादव, पूर्व विधायक रिछपाल मिर्धा विजयपाल मिर्धा , खिलाड़ीलाल बैरवा, आलोक बेनीवाल, कांग्रेस नेता रामपाल शर्मा सहित कई अन्य नेताओं के भी भाजपा में शामिल होने की चर्चा हैं।

 

 

 

इस तरह लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस में भगदड़ मची हुई है और उसकी मुश्किलें थमती नजर नहीं आ रही है। पार्टी के बड़े नेताओं का पाला बदलने का सिलसिला जारी है।इसी कड़ी में अब रविवार को राजस्थान में भाजपा कांग्रेस में बड़ी सेंध लगाने जा रही है।

 

मिली जानकारी के अनुसार रविवार को 11 बजे बीजेपी मुख्यालय में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं की जॉइनिंग होने वाली है. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री  भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी भी मौजूद रहेंगे. कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने वाले डेगाना के पूर्व विधायक रिछपाल मिर्धा ने इस कार्यक्रम से जुड़ा एक पोस्टर भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है. जिसमें लिखा है कि स्वर्ण भूमि मैरिज गार्डन सिरसी रोड जयपुर में वो और विजयपाल मिर्धा भाजपा में शामिल होंगे।

 

मालूम हो कि रिछपाल मिर्धा लोकसभा चुनाव के लिए नागौर से भाजपा की प्रत्याशी बनाई गई ज्योति मिर्धा के चाचा हैं. नागौर में मिर्धा परिवार लंबे समय से राजनीति में हैं. सालों तक कांग्रेस का झंडा उठाने वाला मिर्धा परिवार अब भाजपा में शामिल होने जा रहा है।

 

भाजपा इस बार क्लीन स्वीप कर प्रधानमत्री नरेन्द्र मोदी के अबकी बार चार सौ पार के नारे को हकीकत में बदलना चाहती है। देखना है कांग्रेस और इंडिया गठबंधन से जुड़े दल भाजपा के अश्वमेध रथ को इस बार के लोकसभा चुनाव में कैसे रोक पाएंगे?