FIR Against MLA : कांग्रेस MLA पर आदिवासी महिलाओं से बदसलूकी और मारपीट का आरोप, FIR दर्ज!

MLA साहब सिंह गुर्जर ने सारे आरोपों को नकारा और कहा कि पिस्टल छीनने की कोशिश की गई!

101

FIR Against MLA : कांग्रेस MLA पर आदिवासी महिलाओं से बदसलूकी और मारपीट का आरोप, FIR दर्ज!

Gwalior : कांग्रेस विधायक साहब सिंह गुर्जर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। ग्वालियर ग्रामीण के विधायक पर आदिवासी महिलाओं ने मारपीट और बदसलूकी का आरोप लगाया है। महिलाओं ने कहा कि विधायक ने उन्हें बाल पकड़कर पीटा और गालियां दी। महिलाओं ने इस मामले में सोमवार को एसपी धर्मवीर सिंह भदौरिया से शिकायत की थी। जबकि, साहब सिंह गुर्जर ने इन सभी आरोपों को गलत बताया।

महाराजपुरा के मऊ पहाड़ी की रहने वाली महिलाएं सोमवार दोपहर एसपी ऑफिस पहुंची थीं। महिलाओं ने शिकायत में कहा कि वे बिजली की समस्या को लेकर कई बार विधायक के पास गए। उनके गांव में ढाई सौ से ज्यादा घर हैं। कई बार ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन हर बार आश्वासन देकर लौटा दिया जाता है। वे लोग सुबह इसी सिलसिले में साहब सिंह गुर्जर से मिलने पहुंचे थे, लेकिन विधायक ने बिना बात सुने ही अभद्रता से बात की और गाली दी।

उन्होंने यह भी कहा कि विधायक ने उन्हें घर से निकाल दिया। तब हम लोग घर के बाहर खड़े होकर चर्चा कर रहे थे, तभी वहां विधायक आ गए और उन्होंने कहा कि कौन क्या बोल रहा है? इतना कहकर मुन्नी देवी को बाल पकड़कर पटक दिया। इस दौरान बच्ची बाई ने बचाने की कोशिश की, तो उसको भी पीट दिया। अन्य महिला रामकली ने बताया कि मेरे और बेटे के साथ भी मारपीट की गई। जब थाने जाने की बात कही तो विधायक ने बोले कि क्या करेंगे एसपी, आईजी? मैं ही ‎एसपी और आईजी हूं।

विधायक ने सारी बातों को झुठलाया

इस बारे में साहब सिंह गुर्जर ने कहा कि कुछ महिलाएं आई थीं। उनकी समस्या हल करने की कोशिश की, लेकिन महिलाएं आज ही ट्रांसफार्मर लगाने की बात कहते हुए चिल्लाने लगीं। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर से भी बात की। महिलाएं हंगामा कर रही थीं। बाद में पीएसओ योगेन्द्र से पिस्टल छीनने की कोशिश की गई। उन्हें समझाकर रवाना कर दिया। महिलाएं थीं इसलिए हमारी ओर से शिकायत नहीं कराई गई। बाद में इनके एसपी ऑफिस पहुंचने की जानकारी मिली, तब पीएसओ को थाने भेजा और लिखित शिकायत की गई।