FB Account Hack : अब अलीराजपुर कलेक्टर का फेसबुक एकाउंट हैक, एमपी में 7 कलेक्टरों के साथ ऐसी हरकत!

एक मंत्री के नाम से भी फर्जी एकाउंट बनाया, हैकर्स ने सभी मामलों में मैसेज कर पैसे मांगे!

312

FB Account Hack : अब अलीराजपुर कलेक्टर का फेसबुक एकाउंट हैक, एमपी में 7 कलेक्टरों के साथ ऐसी हरकत!

Bhopal : इन दिनों मध्यप्रदेश में अफसरों के फर्जी सोशल मीडिया एकाउंट बनाने का दौर चल रहा है। पिछले करीब दो सप्ताह में जबलपुर, धार, सिवनी, उमरिया, शहडोल, शिवपुरी के कलेक्टरों के फर्जी फेसबुक एकाउंट बनाए गए और अब अलीराजपुर कलेक्टर अभय बेडेकर का फेक सोशल मीडिया एकाउंट बना लिया गया। इसके अलावा प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री और जबलपुर पश्चिम से विधायक राकेश सिंह के नाम का भी फेक फेसबुक अकाउंट बनाया गया।

अफसरों के नाम और फोटो से बनाए गए इन फर्जी एकाउंट से कुछ लोगों से पैसे मांगे जाने की भी खबरें हैं। अलीराजपुर कलेक्टर अभय बेडेकर ने ‘मीडियावाला’ को फोन पर इस बात की पुष्टि की कि उनके नाम से फेसबुक का फर्जी एकाउंट बनाकर कुछ लोगों को मैसेज करके पैसे मांगे गए। उन्होंने फोन करके जानकारी भी दी। इस बात की जानकारी साइबर सेल को दे दी गई है। इसी महीने जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना का फेसबुक अकाउंट भी हैक हो गया था। किसी अज्ञात हैकर ने उनका अकाउंट हैक कर उनके नाम से लोगों से पैसे मांगे। उसके बाद कलेक्टर ने पुलिस से शिकायत की। सिवनी कलेक्टर संस्कृति जैन का भी सोशल मीडिया एकाउंट इसी तरह हैक हुआ था। इसके अलावा कुछ आईपीएस अफसरों के साथ भी हैकर्स ने इसी तरह की हरकत की।

मध्य प्रदेश में साइबर क्राइम की वारदात लगातार बढ़ रही है। अब इसके शिकंजे में प्रदेश के वीवीआईपी भी आ रहे। आईएएस और आईपीएस अफसरों के अलावा अब तो मंत्रियों को भी शिकंजे में लिया जा रहा। पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह के परिचितों से पैसे मांगे गए। परिचितों को इस बात का शक हुआ कि राकेश सिंह पैसे नहीं मांग सकते। उन्होंने इस मामले को जानकारी पीडब्ल्यूडी मंत्री को दी। इसके बाद इसकी सूचना साइबर सेल को दी गई।