WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home मीडियावाला ख़ास

Sitaram Yechury Passes Away : निमोनिया से CPI (M) महासचिव सीताराम येचुरी का AIIMS में निधन!

परिवार ने अस्पताल को उनकी बॉडी डोनेट की, सभी बड़े नेताओं ने श्रद्धांजलि दी!

Sitaram Yechury Passes Away : निमोनिया से CPI (M) महासचिव सीताराम येचुरी का AIIMS में निधन!

New Delhi : मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के महासचिव और वरिष्ठ नेता सीताराम येचुरी का 72 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्हें निमोनिया की शिकायत के बाद 19 अगस्त को AIIMS दिल्ली में भर्ती कराया गया था। 25 दिन से उनका यहीं इलाज चल रहा था। लेकिन, उन्हें बचाया नहीं जा सका। वे तीन बार पार्टी के महासचिव रहे थे। परिवार ने उनके शरीर को अस्पताल को डोनेट कर दिया।

CPI (M) की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि ‘कॉमरेड सीताराम येचुरी को सांस की नली में गंभीर संक्रमण हुआ था। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही थी।’ येचुरी ने 23 अगस्त को सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर जम्मू-कश्मीर में सीपीएम, कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस के बीच चुनावी गठबंधन को लेकर भी एक पोस्ट किया था।

29 अगस्त को उन्होंने X पर अब्दुल गफूर नूरानी के निधन पर शोक संदेश दिया था। उन्होंने AIIMS में रहते हुए बुद्धदेव भट्टाचार्य को श्रद्धांजलि दी थी। येचुरी ने अस्पताल से ही 22 अगस्त को पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी। उन्होंने 6 मिनट 15 सेकेंड के वीडियो संदेश में कहा था कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुझे AIIMS से ही बुद्धो दा के प्रति भावनाएं प्रकट करना और लाल सलाम कहना पड़ रहा है।

 

नेताओं ने श्रद्धांजलि दी

● कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि सीताराम येचुरी मेरे अच्छे दोस्त थे। वे भारत के विचार के सच्चे रक्षक थे और देश को अच्छी तरह समझते थे। मैं उनके साथ की गई लंबी चर्चाओं को बहुत याद करूंगा। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।

● पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि येचुरी के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। वे एक अनुभवी सांसद थे और उनका जाना राष्ट्रीय राजनीति के लिए बड़ी क्षति है।

● आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि येचुरी जी के निधन पर गहरा दुख हुआ। वह भारतीय राजनीति के एक दिग्गज नेता थे। वह मुद्दों की बारीक समझ रखने वाले और जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़ाव के लिए जाने जाते थे। उनकी आत्मा को शांति मिले।