

Faag Festival of All Brahmin Society : सर्व ब्राह्मण समाज ने फाग महोत्सव मनाया, धर्मशाला के लिए मुक्तहस्थ से दान!
पत्रकार छोटू शास्त्री ने कहा ‘ब्राह्मण समाज सनातन संस्कृति का पूजक एवं ध्वज वाहक!’
Amjhera (Dhar) : ब्राह्मण समाज सनातन संस्कृति का अग्रिम पंक्ति का मुख्य ध्वज वाहक रहा है। विश्व कल्याण की कामना करने वाला यही एक मात्र समाज है। खास बात यह है कि भगवान ने अपने सबसे निकट रहने का अधिकार इसी समाज को दिया ल। ब्राह्मण समाज सनातन संस्कार का एवं सनातन संस्कृति का पूजक है। यह उद्गार अमझेरा सर्व ब्राह्मण समाज के फाग महोत्सव में शामिल हुए धार जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष पं छोटू शास्त्री ने व्यक्त किए। इस अवसर पर समाज की धर्मशाला के लिए दान का आह्वान किया गया, उपस्थित समाजजनों ने मुक्तहस्त से इस नेक कार्य के लिए दान दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूज्य संत गरुड़दास जी महाराज ने की। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य गायत्री पुरोहित, प्रसिद्ध भागवताचार्य, पं सुभाष शर्मा, सनाढ्य ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष अजय व्यास सहित तहसील ब्राह्मण समाज के तहसील संगठन के सदस्य पं भूपेन्द्र जोशी उपस्थित थे। प्रारंभ में भगवान परशुराम के चित्र पर अतिथियों द्वारा माल्यार्पण एवं पूजन किया गया। साथ ही आगामी दिनों में ब्राह्मण समाज के परिवारों की सूक्ष्म जनगणना कराने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य गायत्री पुरोहित ने कहा कि समाज में अगर ब्राह्मण समाज का सम्मान है तो वह उसके संस्कारों से है। ब्राह्मण को अपना धर्म एवं कर्म कभी नहीं छोडना चाहिए। भागवताचार्य सुभाष शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि ब्राह्मण इस समाज का मस्तक है और भगवान ने ब्राह्मण को हमेशा समाज को सच्ची और धर्म पर चलने की जिम्मेदारी दी है जिसे हमे हर परिस्थिति में निभाना है।
ब्राह्मण समाज के तहसील संगठन के सदस्य पं भूपेंद्र जोशी ने कहा कि हर समाज अपनी जनगणना के आंकड़ों को बनाने में लगा हुआ है तो हमने भी सरदारपुर तहसील ब्राह्मण समाज के समाज बंधुओं की जानकारी एकत्रित करने का पुनीत एवं पवित्र कार्य प्रारंभ कर दिया है और लगभग 60 प्रतिशत यह कार्य पूर्ण हो चुका है। जानकारी एकत्र करने से ब्राह्मण समाज का प्रत्येक व्यक्ति एक दूसरे के निकट आएगा इसमें संदेह नहीं। अतिथियों का स्वागत प्रहलाद पारीक, प्रेम नारायण दीक्षित, केशवानंद शर्मा, दर्शन पारीक, गणेश पारीक, मनोहर दीक्षित, गणेश शुक्ला, रेखा शर्मा ने किया।
धर्मशाला के लिए जमीन दान देने के लिए प्रहलाद शर्मा की माताजी श्रीमती जमनाबाई शर्मा का शाल श्रीफल से सम्मान किया गया। इस अवसर पर सर्व ब्राह्मण समाज धर्मशाला के निर्माण के लिए दान दाताओं ने मुक्तहस्थ से दान देने की घोषणा की। इस धर्मशाला में फर्श लगाने के लिए मनोहर दीक्षित एवं दीक्षित परिवार ने 21 हजार, नंदकिशोर तिवारी 11 हजार, केशवानंद शर्मा ने 11 हजार, प्रहलाद पारीक 11 हजार, पुष्कर दीक्षित 11 हजार, संजय पारीक 5100, अमित दीक्षित 5100, गुप्त दान 11 हजार की राशि देने की घोषणा की। कार्यक्रम पश्चात फाग के सुमधुर भजनों एवं गीतों पर समाजजनों ने थिरककर फागुन का स्वागत किया।
स्वागत भाषण देते हुए अमझेरा सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष विजय दीक्षित ने वर्ष भर समाज द्वारा किए गए कार्यो कि जानकारी दी। इस दौरान नीलांबर शर्मा, रवि पाठक, शुभम दीक्षित, मुकेश पंडित आदि अन्य समाज जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट अमित तिवारी ने किया। आभार अभिजीत पंडित ने माना।