
भोपाल रेल मंडल में पहली बार बर्ड गार्ड डिस्क लगाई जा रही, बार-बार ट्रेन रोकने से मिलेगी निजात
भोपाल : ट्रेन की ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन, यानी ओएचई इंसुलेटर पर पक्षियों को बैठने से रोकने के लिए बर्ड गार्ड डिस्क लगाई जा रही है। पूरे मंडल में करीब 45,000 स्थानों पर 1 करोड़ 65 लाख रुपए में डिस्क लगाई जाएगी। काम की शुरूआत अगले महीने से होगी और यह 8 महीने में पूरा होगा। मंडल में विभिन्न स्थानों पर हर महीने 5 से 7 बार ओएचई तक पक्षियों के पहुंचने के कारण लाइन ट्रिप होती है। इस कारण ट्रेनों को रोकना पड़ता है। दरअसल पक्षियों से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए ओएचई कैंटिलीवर इंसुलेटर पर एंटी बर्ड गार्ड डिस्क लगाए जाते हैं। यह डिस्क पक्षियों के शरीर के जरिए इलेक्ट्रिक लाइन के फेज और अर्थ के बीच संपर्क बनने से रोकता है। इससे ट्रैक्शन सिस्टम सुरक्षित रहता है। इसकी खासियत यह भी है कि यदि पक्षी इस पर बैठ जाएं, तो पंख फैलाने पर भी लाइन तक नहीं पहुंच पाएंगे।
0 परिणाम काफी अच्छे
ये डिस्क अभी केवल दिल्ली मेट्रो में उपयोग हो रही हैं, जहां इसके परिणाम काफी अच्छे हैं। इसी को देखते हुए, भोपाल रेल मंडल भी पश्चिम मध्य रेलवे में पहली बार ये डिस्क लगाने का काम किया जा रहा है।
0 यह खूबियां मौजूद
-डिस्क पॉलीकाबोर्नेट वी-ग्रेड से बना है। इसमें कई खूबियां हैं। यह एक ही स्थान पर स्थिर रहता है। रसायनों से खराब नहीं होता। इसकी पारदर्शिता भी अच्छी होती है। यूवी किरणों से सुरक्षित रहता है। आग पकड़ने की संभावना भी कम होती है। बिजली का अच्छा इंसुलेशन देता है। झटकों से टूटता नहीं। इसे लगाना भी आसान होता है।




