
Love Jihad Case in Bhopal: होटल मैनेजर को भी बनाया आरोपी, फरार आरोपी की तलाश, रातभर कैसे खुला रहा कैफे, जांच कर रही पुलिस
भोपाल: बागसेवनिया इलाके में दो हिंदू लड़कियों के साथ दुष्कर्म और लव जिहाद के मामले में पुलिस ने होटल के मैनेजर को भी आरोपी बना लिया है। इतना ही नहीं उसे गिरफ्तार भी कर लिया है। दुष्कर्म की प्लानिंग में शामिल एक अन्य युवक को भी पुलिस ने आरोपी बनाया है। जबकि एक आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमार कार्रवाई करती रही, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
पुलिस के मुताबिक दोनों नाबालिग हिंदू लड़कियों के साथ शोषण करने वाले आरोपी सैफ, होटल मैनेजर शरद और अंक्षित को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि वासिद अभी फरार है, और उसे पकड़ने के लिए टीम लगी हुई है।
साथ ही पुलिस उसके मोबाइल फोन की जांच भी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
कैफे और एक अन्य होटल पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपियों ने हिंदू लड़कियों को सुबह चार बजे तक एक कैफे में बीयर पिलाई थी। इसके बाद अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में स्थित होटल में भी उन्होंने पीड़िताओं के साथ रेप किया था। अभी पीड़िताओं के डिटेल बयान दर्ज कर होटल के मैनेजर और कैफे के मैनेजर के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में होटल और कैफे के फुटेज भी निकाले जा रहे हैं।
कितनी हिंदू लड़कियों को बनाया शिकार
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि सैफ और वासिद ने कितनी हिंदू लड़कियों को लव जिहाद का शिकार बनाया है। पुलिस का मानना है कि आरोपी वासिद के पकड़े जाने के बाद इस मामले में कई पीड़िताएं पुलिस के सामने आ सकती हैं। घटना के बाद वासिद फरार है, और पुलिस उसे पकड़ने में लगी हुई है। साथ ही पुलिस पकड़े गए सैफ के मोबाइल का डाटा भी रिकवर कर रही है।




