अशोक नगर के उप निरीक्षक ने खरगोन की होटल में आत्महत्या की

698

अशोक नगर के उप निरीक्षक ने खरगोन की होटल में आत्महत्या की

खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन जिला मुख्यालय स्थित एक होटल में अशोक नगर कोतवाली में पदस्थ उप निरीक्षक ने आत्महत्या कर ली।

खरगोन कोतवाली के प्रभारी बीएल मंडलोई ने आज अपरान्ह पत्रकारों को बताया कि 30 वर्षीय अक्षय सिंह कुशवाहा का शव होटल गोपाल के कमरा नंबर 202 में फांसी पर लटका पाया गया।

उन्होंने बताया कि अक्षय सिंह मूलतः गुना के रहने वाले थे और फिलहाल अशोक नगर कोतवाली में सब इंस्पेक्टर (उप निरीक्षक) के रूप में पदस्थ थे।

उन्होंने बताया कि वे कल रात 1:00 बजे होटल में पहुंचे थे और आज जब होटल के कर्मचारियों ने 12:30 बजे चेक आउट के लिए कमरा खटखटाया तो कोई आवाज नहीं आई। इस पर होटल के मैनेजर की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची थी। कमरा तोड़कर देखा गया तो अक्षय सिंह का शव पंखे से झूल रहा था। उन्होंने चादर को फंदा बनाया था।

उन्होंने बताया कि अक्षय सिंह के भाई इंदौर में रेंजर है। परिजनों के आने के उपरांत आगामी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अक्षय सिंह अविवाहित थे और उनके खरगोन आने का कारण फिलहाल अज्ञात है।