
Hindvi Soni Became the Identity of Hindi Language : विदेश में रहकर संगीत, संस्कृति व हिंदी भाषा की पहचान बन रहीं झाबुआ की महज 6 वर्षीय हिन्दवी सोनी!
America : अमेरिका के ओहायो प्रांत के सिंसिनाती शहर में निवास कर रहीं 6 वर्षीय हिन्दवी सोनी आज संगीत के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और हिंदी भाषा से अपने गहरे जुड़ाव के कारण चर्चा में हैं। जब हिन्दवी महज 3 वर्ष की थी। तब वह अपने परिवार के साथ अमेरिका आईं। उस समय वे केवल हिंदी बोलती थीं। स्कूल में प्रवेश के बाद उन्होंने अंग्रेज़ी बहुत जल्दी सीख ली, लेकिन चूंकि स्कूलों में हिंदी नहीं पढ़ाई जाती, इसलिए समय के साथ उन्हें हिंदी पढ़ने और लिखने में कठिनाईयां महसूस होने लगी।
ऐसे में परिजनों ने निर्णय लिया कि वे हिन्दवी को उसकी मातृभाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने के लिए अतिरिक्त प्रयास करेंगे। इन प्रयासों के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि हिन्दवी स्वयं हिंदी सीखने के लिए बेहद उत्साहित और जिज्ञासु हैं। इसी के साथ हिन्दवी संगीत के क्षेत्र में भी निरंतर आगे बढ़ रही हैं। हाल ही में राजस्थानी समुदाय द्वारा आयोजित दीपावली समारोह तथा सिंसिनाती उत्तर भारतीय संघ (CUBS) के सांस्कृतिक कार्यक्रम में उनकी गायन प्रस्तुति ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इन आयोजनों में उन्होंने अपने पिता नितिश सोनी के साथ स्तुति एवं लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए, जिन्हें श्रोताओं से भरपूर सराहना मिली।

कार्यक्रमों के दौरान हिन्दवी की शुद्ध, प्रवाहपूर्ण और आत्मविश्वास से भरी हिंदी सभी के लिए विशेष आकर्षण रही। अमेरिका में रहने वाले अधिकांश बच्चों के लिए हिंदी बोलना सहज नहीं होता, लेकिन हिन्दवी न केवल धाराप्रवाह हिंदी बोलती हैं, बल्कि उसी स्पष्टता के साथ हिंदी में गायन भी करती हैं। सोशल मीडिया पर भी हिन्दवी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। उनकी स्तुति से जुड़ी रील्स को अब तक 2 करोड़ से अधिक व्यूज मिल चुके हैं, वहीं संझा गीत पर भी दर्शकों से अत्यंत सकारात्मक और व्यापक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई है। संगीत के क्षेत्र में उन्हें अपनी दादी भारती सोनी का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा हैं, जो मध्य प्रदेश के झाबुआ में निवास कर ऑनलाइन माध्यम से उन्हें संगीत की शिक्षा दे रही हैं। हाल ही में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।
हिंदी सीखने में बढ़ती रुचि और कंटेंट क्रिएशन के शौक को देखते हुए, हिन्दवी ने हाल ही में एक YouTube चैनल “Hindi With Hindvi” की शुरुआत की है। इस चैनल के माध्यम से वे अमेरिका में रहते हुए, भारत से बाहर, हिंदी सीखने की अपनी यात्रा को अन्य बच्चों के साथ साझा कर रही हैं, ताकि हिंदी भाषा को आसान और रोचक तरीके से सीखा जा सके।हिन्दवी सोशल मीडिया पर भी सक्रिय हैं और Instagram पर @Hindvi_Aryavart हैंडल के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक और संगीत से जुड़ी गतिविधियां साझा करती रहती हैं। वर्तमान में हिन्दवी अपने छोटे भाई आर्यावर्त सोनी, पिता नितिश सोनी और माता अंजलि सोनी के साथ पिछले 3 वर्षों से सिंसिनाती में निवास कर रही हैं!





