
बीयर की बोतल से हमला कर एमएलए के नाबालिग भांजे का गला घोंटा, पेड़ से लटकाया, आरोपी को आजीवन कारावास
खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन में कांग्रेस एमएलए के नाबालिग भांजे पर बीयर की बोतल से हमला कर उसके शव को पेड़ से लटकाने के सनसनीखेज मामले में विशेष अदालत ने आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत गठित विशेष न्यायालय, मंडलेश्वर के विशेष न्यायाधीश मसूद अहमद खान ने आरोपी यश उर्फ यासु पटेल को 17 वर्षीय अभिनय डाबर की हत्या का दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही साक्ष्य नष्ट करने के अपराध में उसे चार वर्ष के सश्रम कारावास एवं दो हजार रुपये के अर्थदंड से भी दंडित किया गया। यह मामला कांग्रेस विधायक केदार डाबर के नाबालिग भांजे की अपहरण व निर्मम हत्या से जुड़ा है।
अभियोजन के अनुसार, 23 मार्च 2023 को अभिनय उर्फ बिट्टू डाबर अपने घर से यह कहकर मोटरसाइकिल से निकला था कि वह बिस्टान नाका क्षेत्र जा रहा है। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने संपर्क किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद कोतवाली थाना खरगोन में अपहरण का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुख्य आरोपी यश पटेल और एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मोबाइल पर अभिनय को बुलाया था। अभिनय अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से उनके पास पहुंचा, जहां तीनों ने खरगोन-बिस्टान रोड पर बैठकर शराब पी।
इस दौरान आरोपियों ने अभिनय से उसकी बुलेट मोटरसाइकिल कुछ दिनों के लिए मांगी। इंकार करने पर बीयर की बोतल से उसके सिर पर वार कर उसे बेहोश कर दिया गया। इसके बाद उसे ट्रेंचिंग ग्राउंड ले जाकर मोटी नायलॉन रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को डाबरिया रोड के पास एक पेड़ से लटका दिया और जंगली जानवरों से बचाने के लिए आसपास बबूल की झाड़ियां रख दीं। इसके बाद आरोपी उसकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।
मृतक अभिनय डाबर, भगवानपुरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक केदार डाबर का भांजा था।
विशेष लोक अभियोजक विजय सिंह जमरा ने बताया कि इस मामले में शामिल एक अन्य नाबालिग आरोपी का प्रकरण किशोर न्यायालय, खरगोन में पृथक रूप से विचाराधीन है।





