बैंक के 6 कर्मचारी गिरफ्तार, सांठगाठ का खुलासा

169

बैंक के 6 कर्मचारी गिरफ्तार, सांठगाठ का खुलासा

सारंगढ़ – बिलाईगढ़। जिले के रायकोना ठगी कांड में सरसीवां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक कर्मचारियों की कथित संलिप्तता का खुलासा किया है। होल्ड खाते से फर्जी लेटरपैड के माध्यम से अवैध रूप से राशि आहरण किए जाने के मामले में पुलिस ने एचडीएफसी बैंक के 6 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार, महाठग के रूप में चर्चित शिवा साहू के होल्ड खाते से लगभग 10 लाख रुपये तथा उसकी कथित मंगेतर रितु साहू के खाते से करीब 21 लाख रुपये की अवैध निकासी की गई थी। मामले की जांच के दौरान बैंक कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सारंगढ़ शाखा के कर्मचारी अभिषेक जायसवाल, दिनेश अनंत और पूजा मानिकपुरी को गिरफ्तार किया। वहीं बिलाईगढ़ शाखा के कर्मचारी टीकाराम साहू, हनुमंत राव टंडन और प्रमोद देवांगन को गिरफ्तार किया है।

IMG 20260210 WA0014

पुलिस जांच में सामने आया है कि होल्ड खाते से फर्जी दस्तावेज और लेटरपैड का उपयोग कर राशि निकाली गई, जिसमें बैंक स्तर पर मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इधर, मामले में दोनों शाखा प्रबंधकों की भूमिका को भी संदिग्ध मानते हुए पुलिस जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और कार्रवाई से इंकार नहीं किया जा सकता। उल्लेखनीय है कि मुख्य आरोपी शिवा साहू फिलहाल जमानत पर रिहा है, जबकि ठगी कांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।