WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

अंतर्राष्ट्रीय घुड़सवार के साथ हुई 1.62 करोड़ की साइबर धोखाधड़ी; इंदौर साइबर पुलिस ने तत्परता से पूरी राशि कराई रिफंड, Email Spoofing के जरिए अंतरराष्ट्रीय कंपनी बनकर ठगों ने लगाया था चूना

Cyber Fraud

अंतर्राष्ट्रीय घुड़सवार के साथ हुई 1.62 करोड़ की साइबर धोखाधड़ी; इंदौर साइबर पुलिस ने तत्परता से पूरी राशि कराई रिफंड, Email Spoofing के जरिए अंतरराष्ट्रीय कंपनी बनकर ठगों ने लगाया था चूना

इंदौर: राज्य सायबर सेल जोन इंदौर पुलिस की टीम ने तत्परता और त्वरित तकनीकी कार्रवाई का परिचय देते हुए देश की होनहार अंतरराष्ट्रीय घुड़सवार (International Equestrian) के साथ हुई ₹1 करोड़ 62 लाख की बड़ी साइबर धोखाधड़ी को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने ठगे गए पूरे 100% फंड को फ्रीज करवाकर शिकायतकर्ता के बैंक खाते में सुरक्षित रिफंड करा दिया है।

घटना का विवरण:

पुलिस अधीक्षक (SP) साइबर जोन इंदौर श्री सव्यसाची सराफ ने बताया कि इंदौर निवासी सुदीप्ति हजेला एक अंतरराष्ट्रीय घुड़सवार हैं और आगामी सितंबर-अक्टूबर 2026 में जापान में होने जा रहे एशियन गेम्स (Asian Games 2026) में भारत का प्रतिनिधित्व करने की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने अपनी तैयारियों के लिए विदेशी कंपनी HELGSTRAND DRESSAGE ApS से ‘बाईडेन’ (Biden) नाम के एक घोड़े को खरीदने का करार किया था। शिकायतकर्ता व्दारा मार्च 2026 से उक्त कंपनी के साथ नियमित वित्तीय व्यवहार किया जा रहा था और तय कीमत की लगभग 45% राशि कंपनी के सही खाते में जमा भी कर चुके थे, जिसकी पुष्टि कंपनी द्वारा की गई थी।

इस तरह जालसाजों ने किया ईमेल फ्रॉड:

29 मई 2026 को सायबर फ्रॉडस्टर ने कंपनी के संचालक Andreas Helgstrand की फर्जी ईमेल आईडी (Email Spoofing) बनाकर पीड़ित को मेल भेजा। मेल में लिखा था कि तकनीकी कारणों से पुराने अकाउंट में और राशि स्वीकार नहीं की जा सकती, इसलिए शेष राशि एक नए अकाउंट में ट्रांसफर की जाए। सायबर फ्रॉडस्टर द्वारा की गई इस ईमेल स्पूफिंग (Email Spoofing) – (Business Email Compromise) के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने कुल ₹1,62,00,000/- (एक करोड़ बासठ लाख रुपये) भारतीय मुद्रा स्कैमर द्वारा दिए गए JP Morgan Bank के खाते में ट्रांसफर कर दिए।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) श्री ए. साईं मनोहर एवं (IG) पुलिस महानिरीक्षक श्री सियाज ए. के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक (SP) साइबर जोन इंदौर श्री सव्यसाची सराफ के मार्गदर्शन में साइबर टीम ने तुरंत इस गंभीर मामले का तकनीकी विश्लेषण शुरू किया।

उप पुलिस अधीक्षक (DSP) श्री नरेन्द्र रघुवंशी के निर्देश पर निरीक्षक सुरेन्द्र वास्कले एवं उनकी विशेष टीम को तत्काल वैधानिक व तकनीकी कार्रवाई के लिए नियुक्त किया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और रिफंड:

धोखाधड़ी का अहसास होते ही पीड़ित पक्ष द्वारा तुरंत राज्य साइबर पुलिस को मामले की शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य साइबर सेल ने बिना वक्त गंवाए त्वरित एक्शन लिया:

1. पुलिस ने तुरंत स्कैमर के JP Morgan Bank वाले खाते को चिन्हित कर उस पर तत्काल होल्ड (Hold) लगवाया, जिससे रकम निकासी रुक गई।
2. इसके बाद, साइबर सेल द्वारा अपनी आधिकारिक शासकीय ईमेल आईडी (Official Government ID) से JP Morgan Bank के प्रबंधन को कानूनी पत्राचार और मेल किया गया।
3. पुलिस के लगातार समन्वय और त्वरित विधिक प्रयासों के चलते दिनांक 30 जून 2026 तक ठगी गई पूरी राशि (₹1,62,00,000/-) शिकायतकर्ता के HDFC बैंक खाते में सफलतापूर्वक रिफंड करा दी गई।
4. इसके पूर्व भी नवम्बर-दिसम्बर 2025 में राज्य सायबर सेल जोन इंदौर व्दारा शिकायतकर्ता के 3.75 करोड रूपए (Business Email Compromise) स्पूफ्ड मेल फ्रॉड से रिफंड कराए गए है।
5. इस त्वरित सफलता से न केवल देश की एक उभरती हुई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी की मेहनत की कमाई सुरक्षित बची, बल्कि एशियन गेम्स 2026 में देश का प्रतिनिधित्व करने की उनकी तैयारियों में आ रही बड़ी बाधा भी दूर हो गई। हजेला परिवार ने इंदौर साइबर पुलिस की इस कार्यप्रणाली और तत्परता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है।

सराहनीय भूमिका–

निरीक्षक सुरेन्द्र वास्कले, उपनिरीक्षक भारती विश्वकर्मा , आरक्षक अंकुश सिंह सिंगोर की सराहनीय भूमिका रही।

सावधानियाँ-

• ईमेल आईडी को ध्यान से जांचें: वित्तीय लेनदेन से जुड़े ईमेल आने पर सेंडर की स्पेलिंग और डोमेन नेम को बारीकी से चेक करें।
• अचानक खाता बदलने पर वेरिफिकेशन करें: यदि कोई कंपनी अचानक अपना बैंक खाता बदलने का मेल करे, तो भुगतान करने से पहले उनके आधिकारिक फोन नंबर या वीडियो कॉल के जरिए इसकी पुष्टि जरूर करें।
• तत्काल सूचना दें: किसी भी प्रकार की वित्तीय साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।