
Opium Trafficking Under Cover of Press Sticker : अफीम तस्करी करते हुए नीमच का यूट्यूबर गर्लफ्रेंड के साथ गिरफ्तार, 70 लाख की अफीम जब्त!
फर्जी प्रेस कार्ड और मीडिया की आड़ में विभिन्न राज्यों में आसानी से आवाजाही!
जानिए पूरा मामला!
Neemuch : मध्य प्रदेश के नीमच जिले का एक युवक फर्जी मीडिया पहचान और प्रेस स्टिकर की आड़ में अंतरराज्यीय अफीम तस्करी करने के आरोप में हरियाणा पुलिस के शिकंजे में आ गया है। हरियाणा के फतेहाबाद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नीमच जिले के निवासी एक यूट्यूबर और उसकी गर्लफ्रेंड को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 13 किलो 60 ग्राम अफीम बरामद की है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 70 लाख रुपए बताई जा रही है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान नीमच जिला निवासी ईश्वरलाल के रूप में हुई है, जबकि उसकी साथी गर्लफ्रेंड सोना प्रजापति, मध्य प्रदेश के रायसेन क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है।
13 किलो 60 ग्राम अफीम बरामद!
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों मध्य प्रदेश से अफीम लाकर हरियाणा के फतेहाबाद और सिरसा सहित आसपास के क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करते थे। हरियाणा पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सीआईए रतिया की टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर धांगड़ पुल के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक होंडा सिटी कार में नशीला पदार्थ लेकर 2 तस्कर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर DL- 3 CBA-2461 नंबर की कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 13 किलो 60 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसके बाद यूट्यूबर और उसकी गर्लफ्रेंड को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी से 4 अलग-अलग प्रेस कार्ड मिले!
जांच में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि आरोपी पुलिस जांच से बचने और खुद को मीडियाकर्मी दर्शाने के लिए कार के आगे और पीछे फर्जी न्यूज स्टिकर लगाए हुए थे। इतना ही नहीं, मुख्य आरोपी के पास से 4 अलग-अलग प्रेस और पहचान पत्र भी बरामद हुए हैं। इन सभी आईडी कार्डों पर फोटो अलग-अलग हैं, लेकिन नाम एक ही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी फर्जी प्रेस कार्ड और मीडिया की आड़ लेकर विभिन्न राज्यों में आसानी से आवाजाही करते थे और इसी बहाने नशे की खेप पहुंचाते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी सोशल मीडिया पर सक्रिय था और स्वयं को यूट्यूबर बताकर लोगों से संपर्क स्थापित करता था।

दोनों आरोपी गिरफ्तार!
जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगा रही हैं कि कहीं सोशल मीडिया और मीडिया की पहचान का इस्तेमाल तस्करी के नेटवर्क को संचालित करने के लिए तो नहीं किया जा रहा था। हरियाणा पुलिस ने बताया कि आरोपी ईश्वर लाल के खिलाफ पहले भी पंजाब के बठिंडा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर फतेहाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब पूछताछ के जरिए पूरे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क, सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। हरियाणा पुलिस का मानना है कि पूछताछ में नशा तस्करी से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं!




